राजा राममोहन राय की पुण्यतिथि पर सीएम सम्राट चौधरी ने किया नमन
CM Samrat Choudhary pays tribute on the death anniversary of Raja Ram Mohan Roy.

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने महान समाज सुधारक एवं ब्रह्म समाज के संस्थापक राजा राममोहन राय की पुण्यतिथि पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने सामाजिक कुरीतियों के विरुद्ध राजा राममोहन राय के संघर्ष और समाज सुधार के लिए किए गए उनके प्रयासों को स्मरण किया।

मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर जारी संदेश में कहा कि राजा राममोहन राय ने समाज में जागरूकता और सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ उनका संघर्ष और उनके विचार सदैव प्रेरणादायी रहेंगे।

GNSU Admission Open 2026

उन्होंने कहा कि राजा राममोहन राय के प्रयासों ने भारतीय समाज में सामाजिक चेतना को नई दिशा दी और सुधारवादी विचारों को प्रोत्साहित किया।

उल्लेखनीय है कि राजा राममोहन राय का जन्म 22 मई 1772 को बंगाल में हुआ था। वे समाज सुधारक, शिक्षाविद और पत्रकार के रूप में भारतीय नवजागरण के प्रमुख व्यक्तित्वों में शामिल थे।

उन्होंने सती प्रथा के उन्मूलन के लिए महत्वपूर्ण अभियान चलाया और वर्ष 1828 में ब्रह्म समाज की स्थापना की। वे बाल विवाह, बहुविवाह और जातिगत भेदभाव जैसी सामाजिक कुरीतियों के विरोधी थे। उन्होंने आधुनिक शिक्षा और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को भी बढ़ावा दिया।

राजा राममोहन राय का निधन 27 सितंबर 1833 को इंग्लैंड के ब्रिस्टल में हुआ था।