पटना: गंगा की लहरों, ठंडी हवाओं और राजधानी के ऐतिहासिक स्थलों के बीच सफर का आनंद अब पटना के लोगों और पर्यटकों को डबल डेकर बस से मिल रहा है। जेपी गंगा पथ पर बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम की ओर से संचालित यह बस लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। सेवा शुरू होने के बाद अब तक 10 हजार से अधिक लोग इसका आनंद ले चुके हैं।
डबल डेकर बस से यात्रियों को दीघा घाट से कंगन घाट तक का सफर कराया जाता है। बस के ऊपरी डेक से गंगा और पटना शहर का विहंगम दृश्य देखने को मिलता है। यात्रा के दौरान गोलंबर, सभ्यता द्वार, दरभंगा हाउस, गांधी घाट, महात्मा गांधी सेतु, चित्रगुप्त मंदिर और कंगन घाट जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों का नजारा देखने का मौका मिलता है।
यात्रियों की सुविधा के लिए बस में टॉयलेट, रेफ्रिजरेटर और गाइड की व्यवस्था भी की गई है। 40 सीटों वाली इस बस में निचले डेक पर 20 वातानुकूलित सीटें और ऊपरी डेक पर 20 सीटें उपलब्ध हैं।
बस से एक तरफ की यात्रा के लिए प्रति व्यक्ति 50 रुपये किराया निर्धारित किया गया है, जबकि दोनों तरफ का किराया 100 रुपये है। फिलहाल बस का परिचालन शाम पांच बजे से रात 10 बजे तक किया जा रहा है।
पर्यटन निगम ने इस सेवा को खास मौकों के लिए भी उपयोगी बनाने की पहल की है। अब लोग जन्मदिन सहित अन्य निजी आयोजनों के लिए डबल डेकर बस की बुकिंग कर सकते हैं। इसके लिए चार हजार रुपये प्रति ट्रिप किराया निर्धारित किया गया है।
परिवार और दोस्तों के साथ गंगा पथ पर सफर करते हुए विशेष अवसरों को यादगार बनाने का यह विकल्प लोगों को पसंद आ रहा है। डबल डेकर बस सेवा से जेपी गंगा पथ पर पर्यटन को नया आयाम मिलने के साथ पटना के प्रमुख स्थलों को एक अलग नजरिए से देखने का अवसर भी मिल रहा है।







