DM takes strict action against waterlogging in Sasaram, issues immediate instructions to Municipal Corporation and BMSICL

सासाराम (रोहतास): शहर में चल रहे निर्माण कार्यों के बीच जलजमाव की समस्या को लेकर रोहतास जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने सख्त रुख अपनाया है। निरीक्षण के दौरान कई स्थानों पर जलजमाव मिलने के बाद डीएम ने नगर निगम और बिहार राज्य चिकित्सा सेवाएं एवं आधारभूत संरचना निगम लिमिटेड (BMSICL) को तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।

जिलाधिकारी ने बताया कि शहर में कई स्थानों पर बड़े पैमाने पर निर्माण कार्य चल रहे हैं। BMSICL की ओर से कराए जा रहे कार्यों के दौरान सड़क किनारे निर्माण सामग्री रखे जाने से कई जगह नालियां बाधित हो गईं, जिसके कारण पानी की निकासी प्रभावित हुई और जलजमाव की स्थिति पैदा हुई।

GNSU Admission Open 2026

डीएम के अनुसार, नगर निगम की ओर से पहले नालियों की सफाई कराए जाने के बाद जल निकासी व्यवस्था सामान्य हुई थी। हालांकि, हालिया निरीक्षण में कई स्थानों पर दोबारा पानी जमा मिला।

नालियों की सफाई में तेजी लाने के निर्देश

डीएम ने नगर निगम को प्रभावित इलाकों की नालियों की तत्काल और सघन सफाई कराने को कहा है। अधिकारियों को यह सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है कि पानी की निकासी में किसी तरह की बाधा न रहे।

निर्माण सामग्री हटाने का आदेश

BMSICL को भी सख्त निर्देश देते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि निर्माण सामग्री सड़क या रास्तों पर नहीं रखी जाए। सड़क किनारे जमा सामग्री को तत्काल निर्धारित स्थान पर हटाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि यातायात और जल निकासी दोनों प्रभावित न हों।

डीएम दीपक कुमार मिश्रा ने स्पष्ट किया कि विकास कार्यों के दौरान आम लोगों को किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए। जलजमाव और निर्माण कार्यों से जुड़ी समस्याओं पर प्रशासन लगातार नजर रखेगा और जरूरत पड़ने पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।