वादों के निपटारे के लिए 26 बेंच गठित, लगभग बीस हजार मामले चिन्हित
सासाराम। छोटे बड़े सुलहनीय वादों के निपटारे के लिए शनिवार को राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकार के तत्वावधान में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत शिविर का जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार रोहतास अनुज कुमार जैन ने दीप प्रज्वलित कर उद्घाटन किया तथा दोनों पक्षों से वादों के निपटारे के लिए अपील की। उद्घाटन के दौरान जज प्रणव कुमार झा, एसपी रौशन कुमार, एडीएम ललित भूषण, सदर डीएसपी वन दिलीप कुमार सहित अन्य न्यायिक पदाधिकारी व अधिवक्ता मौजूद रहे। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए जिला जज अनुज कुमार जैन ने कहा कि लोक अदालत एकता एवं भाईचारे का प्रतीक है। यहां दोनों पक्षों में आपसी सहमति व भाईचारे से सुलहनीय वादों का अंतिम रूप से निपटारा किया जाता है। इन मामलों में निपटारे के बाद कोई अपील नहीं होती। साथ हीं लोक अदालत के मामलों में पक्षकारों के वकील फीस एवं कोर्ट फीस की बचत होती है तथा न्यायालय एवं पक्षकार दोनों का समय भी बचता है। लोक अदालत के दौरान वादों के निपटारे के लिए जिला व्यवहार न्यायालय सासाराम में 16 बेंचों का गठन किया गया है। जबकि डेहरी एवं बिक्रमगंज अनुमंडल में क्रमशः दो एवं आठ बेंच गठित किए गए हैं। इस दौरान दीवानी, बैंक ऋण, वैवाहिक व पारिवारिक झगड़ों, राजस्व, दाखिल खारिज, मुआवजा, दुर्घटना दावा आदि से संबंधित सैकड़ों मामले के निपटारे की प्रक्रिया चल रही है। इस संदर्भ में जानकारी देते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकार के सचिव कुमार कृष्ण देव ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत शिविर के लिए हजारों मामले चिन्हित किए गए हैं। इसके लिए संबंधित पक्षों को पहले हीं नोटिस देकर उपस्थित होने का निर्देश दिया गया है ताकि अधिक से अधिक मामलों का निपटारा किया जा सके। उन्होंने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य कम समय, कम खर्च एवं आपसी सहमति से लोगों को न्याय दिलाना है।







