
पटना: बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने एक नई पहल शुरू की है। गन्ना उद्योग मंत्री संजय कुमार ने पटना स्थित विकास भवन से मंगलवार को Sugarcane Investment Promotion Portal (SIPP) का शुभारंभ किया।
इस मौके पर मंत्री ने कहा कि SIPP पोर्टल का उद्देश्य गन्ना आधारित उद्योगों में निवेश को प्रोत्साहित करना और निवेशकों को एक आसान डिजिटल प्लेटफॉर्म उपलब्ध कराना है। इस पोर्टल के जरिए निवेशकों को उद्योग स्थापना से जुड़ी जरूरी जानकारी, आवेदन प्रक्रिया और अन्य सुविधाएं एक ही जगह पर मिल सकेंगी।
मंत्री संजय कुमार ने बताया कि पोर्टल के माध्यम से निवेश प्रक्रिया को तेज, सरल और पारदर्शी बनाया जाएगा। इससे उद्योग लगाने वाले लोगों को प्रशासनिक प्रक्रियाओं को पूरा करने में आसानी होगी और समय की भी बचत होगी।
सरकार का कहना है कि इस पहल से बिहार में गन्ना आधारित उद्योगों का विस्तार होगा और राज्य में नए निवेश को बढ़ावा मिलेगा। इसके साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के नए अवसर पैदा होने की उम्मीद है।
गन्ना उद्योग विभाग का मानना है कि Sugarcane Investment Promotion Portal बिहार को गन्ना आधारित उद्योगों के लिए एक बेहतर निवेश केंद्र बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।






