Home बिहार ‘बिहारी होने के कारण मारी गोली’: पांडव कुमार की हत्या पर भड़के...

‘बिहारी होने के कारण मारी गोली’: पांडव कुमार की हत्या पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले— जल्द मिले न्याय

228
0
‘बिहारी होने के कारण मारी गोली’: पांडव कुमार की हत्या पर भड़के तेजस्वी यादव, बोले— जल्द मिले न्याय

बिहार के खगड़िया निवासी पांडव कुमार की दिल्ली में हुई हत्या को लेकर सियासत तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल के नेता तेजस्वी यादव ने इस घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पांडव कुमार की हत्या केवल इसलिए कर दी गई क्योंकि वह बिहारी था, जो बेहद चिंताजनक और निंदनीय है। तेजस्वी यादव ने कहा कि इस घटना में पांडव कुमार की जान चली गई, जबकि उनका दोस्त कृष्ण गंभीर रूप से घायल है और अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहा है। उन्होंने सवाल उठाया कि देश की राजधानी दिल्ली में यदि इस तरह की घटनाएं होती हैं, तो वहां की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठना लाजिमी है। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस क्षेत्र में यह घटना हुई, वहां से लेकर केंद्र तक भारतीय जनता पार्टी की सरकार है। ऐसे में स्थानीय निकाय, विधायक, सांसद, राज्य सरकार और केंद्र सरकार—सभी की जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। तेजस्वी ने कहा कि बिहारियों की सुरक्षा को लेकर भाजपा पूरी तरह विफल साबित हुई है। राजद नेता ने यह भी कहा कि रोजगार की कमी के कारण बिहार के लोग दूसरे राज्यों में काम की तलाश में जाते हैं, लेकिन वहां उन्हें सम्मान और सुरक्षा नहीं मिलती। उन्होंने आरोप लगाया कि दूसरे राज्यों में बिहारियों के साथ भेदभाव किया जाता है और उन्हें शक की नजर से देखा जाता है। तेजस्वी यादव ने इस घटना को बिहारियों के आत्मसम्मान पर हमला बताते हुए दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने सरकार से निष्पक्ष जांच, आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग की। साथ ही उन्होंने कहा कि बिहारियों के साथ किसी भी प्रकार का अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और इस मामले में जल्द से जल्द न्याय मिलना चाहिए।

GNSU Admission Open 2026