पटना:पटना जिले के बिहटा स्थित आईआईटी अमहारा थाना क्षेत्र में एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया है, जहां कालीगंज मोड़ के पास तेल से भरे टैंकर और बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते दोनों वाहनों में आग लग गई और कुछ ही देर में टैंकर और बाइक धू-धू कर जलकर पूरी तरह राख हो गए। इस घटना से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टैंकर तेज रफ्तार में था और उसने सामने से आ रही बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के तुरंत बाद टैंकर में मौजूद ज्वलनशील पदार्थ के कारण आग तेजी से फैल गई, जिसने बाइक को भी अपनी चपेट में ले लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि इस भयावह हादसे में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग बुझाने के दौरान कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों की भीड़ घटनास्थल पर जमा हो गई थी, जिसे नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी।
आईआईटी अमहारा थाना प्रभारी रौशन कुमार राज ने मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हादसे के बाद टैंकर चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आग लगने का सटीक कारण क्या था। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि सड़क पर सावधानी बरतें और यातायात नियमों का पालन करें, ताकि इस तरह के हादसों से बचा जा सके।







