Home बिहार जोगिया घटना में चार आरोपी गिरफ्तार, 600 से अधिक भड़काऊ पोस्ट पर...

जोगिया घटना में चार आरोपी गिरफ्तार, 600 से अधिक भड़काऊ पोस्ट पर पुलिस की कार्रवाई

22
0
Four accused arrested in Jogia incident, police action taken on over 600 inflammatory posts

बिक्रमगंज: रोहतास जिले के दिनारा थाना क्षेत्र के जोगिया गांव में 5 अगस्त को हुई घटना के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। वहीं घटना के बाद सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ पोस्ट के जरिए माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वालों पर भी पुलिस की नजर है। पुलिस के अनुसार, 600 से अधिक ऐसे पोस्ट की पहचान की गई है, जिन पर संबंधित लोगों को नोटिस भेजा गया है। रोहतास एसपी रौशन कुमार ने रविवार को बिक्रमगंज अनुमंडल कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मामले में की गई कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि घटना के मुख्य आरोपी अजीत तिवारी और अमरजीत तिवारी को घटना के करीब चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया गया था। गाजीपुर और बक्सर पुलिस के साथ रोहतास पुलिस की आसूचना इकाई की संयुक्त कार्रवाई में दोनों को पकड़ा गया। एसपी के अनुसार, वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर सोनू चौधरी और सुनील चौधरी को भी गिरफ्तार किया गया है। दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। घटना के बाद हुई तोड़फोड़ और आगजनी के मामले में दिनारा थाने में दो अलग-अलग प्राथमिकी भी दर्ज की गई हैं।


पुलिस अब घटना से जुड़े वीडियो फुटेज की तकनीकी जांच कर रही है। इसके माध्यम से घटना में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
सोशल मीडिया पर भी पुलिस की नजर एसपी ने बताया कि घटना के बाद सोशल मीडिया पर अफवाह और भड़काऊ सामग्री प्रसारित करने वाले 600 से अधिक पोस्ट की पहचान की गई है। संबंधित लोगों को नोटिस भेजे गए हैं। वहीं इस संबंध में साइबर थाना में पांच प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।

GNSU Admission Open 2026


दिनारा में स्थिति शांतिपूर्ण पुलिस के अनुसार, फिलहाल दिनारा क्षेत्र में स्थिति शांतिपूर्ण है। एहतियात के तौर पर धारा-163 लागू की गई है। सीमावर्ती क्षेत्रों में जांच बढ़ाने के साथ अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती भी . की गई है। पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और सोशल मीडिया पर किसी भी अपुष्ट, अफवाह या भड़काऊ सामग्री को प्रसारित नहीं करने की अपील की है। एसपी ने कहा कि विधि-सम्मत कार्रवाई करते हुए जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है