
सासाराम: सदर अस्पताल परिसर स्थित मॉडल अस्पताल में शनिवार को बिजली आपूर्ति बाधित होने के मामले को लेकर स्वास्थ्य विभाग ने स्थिति स्पष्ट की है। अस्पताल में बिजली बाधित होने के बाद मरीजों और उनके परिजनों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मामले को लेकर अधिकारियों से जानकारी लिए जाने पर बिजली आपूर्ति में तकनीकी खराबी को वजह बताया गया।
रोहतास के जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने बताया कि अस्पताल के इलेक्ट्रिकल पैनल में चेंजर ट्रिप होने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हुई थी। उन्होंने इसे तकनीकी समस्या बताते हुए कहा कि इसे जल्द ही ठीक कर लिया गया। वहीं, सिविल सर्जन डॉ. भनीराज रंजन ने बताया कि चेंजर का तार टूट जाने के कारण अचानक बिजली आपूर्ति ठप हुई थी। उन्होंने अस्पताल में अंधेरे के कारण टॉर्च या मोबाइल की रोशनी में इलाज किए जाने संबंधी खबरों को खारिज करते हुए कहा कि मरीजों को किसी तरह की गंभीर असुविधा नहीं हुई और स्थिति नियंत्रण में रही।
हालांकि, अस्पताल में बिजली और रखरखाव से जुड़ी व्यवस्था को लेकर सिविल सर्जन ने गंभीरता दिखाई है। उन्होंने बताया कि बिजली एवं रखरखाव की जिम्मेदारी संभाल रही संबंधित आउटसोर्सिंग एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एजेंसी से शो-कॉज करते हुए स्पष्टीकरण मांगा गया है कि बिजली आपूर्ति में इस तरह की तकनीकी समस्या क्यों उत्पन्न हुई।।सिविल सर्जन ने कहा कि भविष्य में ऐसी स्थिति की पुनरावृत्ति नहीं हो, इसके लिए अस्पताल प्रबंधन और तकनीकी टीम को सतर्क किया गया है। साथ ही अस्पताल की विद्युत एवं अन्य व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जा रही है, ताकि मरीजों को स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।






