Home बिहार अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, देशभक्ति...

अगस्त क्रांति दिवस पर कांग्रेस ने स्वतंत्रता सेनानियों को किया नमन, देशभक्ति का लिया संकल्प

8
0
Congress pays tribute to freedom fighters on August Revolution Day, takes pledge of patriotism

सासाराम: रोहतास जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से रविवार को 9 अगस्त के ऐतिहासिक अवसर पर अगस्त क्रांति दिवस मनाया गया। इस अवसर पर सासाराम के धर्मशाला चौक स्थित गांधी स्मारक परिसर में कार्यक्रम आयोजित कर स्वतंत्रता संग्राम के अमर सेनानियों और शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता रोहतास जिला कांग्रेस कमेटी के जिलाध्यक्ष जयप्रकाश पांडेय ने की। कार्यक्रम के दौरान गांधी स्मारक पर ध्वज बदला गया तथा महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान को याद किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष जयप्रकाश पांडेय ने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस प्रत्येक वर्ष 9 अगस्त को मनाया जाता है।

यह दिन भारत छोड़ो आंदोलन और राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के ऐतिहासिक आह्वान “करो या मरो” की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन का एक महत्वपूर्ण पड़ाव था। इस आंदोलन ने ब्रिटिश शासन की नींव को हिला दिया और देश की आजादी की अंतिम लड़ाई को निर्णायक दिशा दी। उन्होंने कहा कि अगस्त क्रांति दिवस के अवसर पर हम सभी महात्मा गांधी सहित देश के तमाम स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों को नमन करते हैं तथा उनके बलिदान को याद करते हैं। स्वतंत्रता सेनानियों के संघर्ष और त्याग के कारण ही देश को 15 अगस्त 1947 को आजादी मिली।

GNSU Admission Open 2026

जयप्रकाश पांडेय ने कहा कि आज के युवाओं को स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों से प्रेरणा लेने की जरूरत है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे देश के प्रति प्रेम, जिम्मेदारी और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ अपने प्रत्येक कार्य को पूरी ईमानदारी से करें। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और लोकतांत्रिक मूल्यों की रक्षा करना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस नेताओं ने स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास और वर्तमान पीढ़ी के लिए उसके महत्व पर भी अपने विचार रखे। नेताओं ने कहा कि आजादी केवल संघर्ष और बलिदान से प्राप्त हुई है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों को स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान और उनके आदर्शों से परिचित कराना जरूरी है।


कार्यक्रम में डॉ. जावेद अख्तर, राधा प्रसाद सिंह, राजेश्वर कुशवाहा, नवल किशोर, नंद किशोर दुबे, तौफीक अहमद, मकरानी, लुकमान अहमद, दीपक शुक्ला, ज्ञानचंद ओझा सहित दर्जनों कांग्रेस नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में उपस्थित कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने स्वतंत्रता सेनानियों के आदर्शों पर चलने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत करने का संकल्प लिया।