सासाराम (रोहतास): भारतीय गोवंश रक्षण संवर्धन परिषद एवं विश्व हिंदू परिषद के संयुक्त तत्वावधान में सामूहिक जलाभिषेक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गोभक्तों एवं कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। इस दौरान भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक कर गो माता की सेवा, संरक्षण एवं संवर्धन का संकल्प लिया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दक्षिण बिहार प्रांत के गौ रक्षा प्रमुख रविंद्र राय ने गोवंश के संरक्षण और संवर्धन की आवश्यकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि गोवंश की रक्षा केवल किसी एक व्यक्ति या संगठन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि इसके लिए पूरे समाज को जागरूक होकर अपनी भूमिका निभानी होगी।
वहीं, दक्षिण बिहार के युवा गौ रक्षा प्रमुख अरुण कांस्कर ने युवाओं से गो सेवा के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि युवाओं की सक्रिय भागीदारी से समाज में गो सेवा और संरक्षण के प्रति जागरूकता को और मजबूत किया जा सकता है। इसके बाद उपस्थित श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का सामूहिक जलाभिषेक किया और गो माता की रक्षा, सेवा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। कार्यक्रम के दौरान मंदिर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सद्बुद्धि एवं गो सेवा के लिए प्रेरणा मिलने की प्रार्थना भी की गई।आयोजकों ने बताया कि कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में गो सेवा, गो संरक्षण और गोवंश के प्रति संवेदना की भावना को मजबूत करना तथा लोगों को इसके लिए जागरूक करना था।







