The Ganges wreaks havoc in Bhagalpur, with the Raghopur-Narkatiya embankment breached by 80 meters; floodwaters spreading rapidly.

भागलपुर: बिहार के भागलपुर जिले में गंगा के बढ़ते जलस्तर के बीच सोमवार तड़के राघोपुर-नरकटिया तटबंध अचानक टूट गया। खरीक प्रखंड के राघोपुर गांव में जल संसाधन विभाग के कैंप कार्यालय के पास तटबंध में करीब 70 से 80 मीटर का कटाव होने के बाद गंगा का पानी आसपास के इलाकों में तेजी से फैलने लगा। घटना के बाद निचले इलाकों में रहने वाले ग्रामीणों के बीच दहशत का माहौल है।

जानकारी के अनुसार, तटबंध में कटाव की घटना सोमवार देर रात करीब तीन बजे हुई। देखते ही देखते तटबंध का एक बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और पानी तेजी से आसपास के क्षेत्रों की ओर बढ़ने लगा। जलस्तर बढ़ने के साथ ग्रामीणों की चिंता भी बढ़ गई है।

GNSU Admission Open 2026

बताया जा रहा है कि यह क्षेत्र बिहार सरकार के ऊर्जा मंत्री और गोपालपुर विधायक शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल का पैतृक गांव भी है। घटना की जानकारी मिलते ही जल संसाधन विभाग के अभियंता और कर्मचारी मौके पर पहुंचे तथा टूटे हिस्से को नियंत्रित करने के लिए युद्धस्तर पर राहत और मरम्मत कार्य शुरू कर दिया।

विभाग की टीम तटबंध के क्षतिग्रस्त हिस्से को भरने और पानी के फैलाव को रोकने के प्रयास में जुटी हुई है। स्थानीय ग्रामीण भी बचाव और राहत कार्य में प्रशासन का सहयोग कर रहे हैं। प्रशासन की ओर से निचले इलाकों में स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।

स्थिति की गंभीरता को देखते हुए नवगछिया एसडीपीओ अनिकेत अमर के नेतृत्व में पुलिस टीम भी मौके पर पहुंची। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण कर हालात का जायजा लिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, कुछ सप्ताह पहले भी इसी तटबंध का करीब 100 मीटर हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ था। उस समय समय रहते बचाव कार्य शुरू कर स्थिति को नियंत्रित कर लिया गया था। अब दोबारा तटबंध टूटने से ग्रामीणों और प्रशासन की चिंता बढ़ गई है।

फिलहाल जल संसाधन विभाग की टीम मरम्मत कार्य में जुटी है और प्रशासन स्थिति पर लगातार निगरानी बनाए हुए है। ग्रामीणों को सतर्क रहने तथा प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी जा रही है।