Home बिहार बिहार में एडीईओ परीक्षा घोटाले का पर्दाफाश: 20 लाख की डील, मास्टरमाइंड...

बिहार में एडीईओ परीक्षा घोटाले का पर्दाफाश: 20 लाख की डील, मास्टरमाइंड सहित 22 गिरफ्तार

150
0
बिहार में एडीईओ परीक्षा घोटाले का पर्दाफाश: 20 लाख की डील, मास्टरमाइंड सहित 22 गिरफ्तार

मुंगेर। बिहार लोक सेवा आयोग (बीपीएससी) द्वारा आयोजित सहायक शिक्षा विकास अधिकारी (एडीईओ) परीक्षा में बड़े फर्जीवाड़ा गिरोह का पर्दाफाश हुआ है। परीक्षा पास कराने के नाम पर अभ्यर्थियों से 15 से 20 लाख रुपये तक की वसूली की जा रही थी। पुलिस और प्रशासन की संयुक्त कार्रवाई में मास्टरमाइंड सहित कुल 22 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में मास्टरमाइंड सूजल कुमार, लाइनर समीर कुमार, प्रियांशू कुमार और प्रशांत कुमार समेत 18 अभ्यर्थी शामिल हैं। पुलिस ने लाइनरों को होटल से और मास्टरमाइंड को उसके घर से दबोचा। इस मामले में जिला शिक्षा पदाधिकारी के आवेदन पर मुफ्फसिल थाना में बिहार परीक्षा संचालन अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस अधीक्षक सैयद इमरान मसूद के अनुसार, गिरोह बायोमेट्रिक प्रक्रिया के दौरान फर्जीवाड़ा करता था। ऑपरेटर से मिलीभगत कर प्रश्नपत्र की तस्वीर मोबाइल से खींचकर मास्टरमाइंड को भेजी जाती थी।

इसके बाद हल प्रश्नपत्र लाइनरों के जरिए अभ्यर्थियों तक पहुंचाया जाता था, जिससे वे परीक्षा में उत्तर भर सकें। आरोपियों के पास से इलेक्ट्रॉनिक चिप भी बरामद हुई है, जिसमें प्रश्नपत्र और उत्तर सुरक्षित पाए गए हैं। जांच में एक कोचिंग सेंटर की भूमिका भी संदिग्ध पाई गई है, जिसके माध्यम से अभ्यर्थियों को इस गिरोह से जोड़ा गया था। पुलिस ने केंद्र की पहचान कर कार्रवाई शुरू कर दी है। उधर, उपेंद्र ट्रेनिंग स्कूल परीक्षा केंद्र की केंद्राधीक्षक अर्चना कुमारी को निलंबित कर दिया गया है। उन पर बायोमेट्रिक के दौरान मोबाइल के इस्तेमाल की अनुमति देने का आरोप है। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के मोबाइल से मिले व्हाट्सएप ग्रुप में कई जिलों के संदिग्ध और सैकड़ों अभ्यर्थियों के एडमिट कार्ड मिले हैं। मामले की गहन जांच जारी है और आगे बड़े खुलासे की संभावना जताई जा रही है।

GNSU Admission Open 2026