सिवान। जिले के लकड़ी नबीगंज थाना क्षेत्र स्थित माधोपुर के राजकीय उत्क्रमित मध्य विद्यालय में लगातार दो रात चोरी की घटना सामने आने से इलाके में हड़कंप मच गया है। चोरों ने बेखौफ होकर स्कूल परिसर में घुसकर ताला तोड़ा और पढ़ाई से जुड़े कीमती उपकरण समेत अन्य सामान चोरी कर लिया। जानकारी के अनुसार, पहली घटना रविवार रात की है, जब चोर स्कूल की बाउंड्री पार कर अंदर दाखिल हुए और कार्यालय का ताला तोड़कर हाजिरी दर्ज करने वाला टैब सहित अन्य जरूरी सामग्री लेकर फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्कूल प्रशासन ने सोमवार को स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराई, लेकिन आरोप है कि सूचना के बावजूद पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। पुलिस की इस कथित लापरवाही का फायदा उठाते हुए चोरों ने अगली ही रात फिर स्कूल को निशाना बनाया। दूसरी रात बदमाश दोबारा परिसर में घुसे और जो भी सामान बचा था, उसे भी समेट ले गए। लगातार दो दिनों तक हुई चोरी से स्कूल लगभग खाली हो गया है और शिक्षण कार्य प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार बढ़ रही आपराधिक घटनाओं के बावजूद पुलिस गश्त प्रभावी नहीं है, जिससे चोरों के हौसले बुलंद हैं। लोगों ने स्कूलों और सार्वजनिक संस्थानों की सुरक्षा बढ़ाने की मांग की है। इधर, स्कूल के प्रधानाध्यापक ने अज्ञात चोरों के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई है। सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।







