पटना: पटना जिले के बाढ़ के बख्तियारपुर थाना क्षेत्र में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में छह माह की बच्ची समेत दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया। हादसा पुरानी बाईपास स्थित एक पार्ट्स दुकान में आग लगने के बाद हुआ। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को प्राथमिक उपचार के बाद पटना स्थित पीएमसीएच रेफर किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, दुकान में रविवार को पूजा के दौरान हवन किया जा रहा था। इसी दौरान हवन से निकली चिंगारी से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि आग लगने के वास्तविक कारण की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि चिंगारी के बाद दुकान में आग तेजी से फैलने लगी और कुछ ही समय में उसने विकराल रूप ले लिया। आग की चपेट में दुकान के अंदर मौजूद लोग आ गए। हादसे में छह माह की बच्ची और दो महिलाओं की मौत हो गई। वहीं एक व्यक्ति गंभीर रूप से झुलस गया।
घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकल कर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण राहत और बचाव कार्य में काफी मशक्कत करनी पड़ी। काफी प्रयास के बाद आग को नियंत्रित किया गया।
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस भी दल-बल के साथ घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले से जुड़े तथ्यों को जुटाना शुरू कर दिया है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल बन गया।
पुलिस के अनुसार, आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि दुकान में आग से बचाव के लिए आवश्यक सुरक्षा इंतजाम मौजूद थे या नहीं। घटना के बाद प्रशासन की ओर से भी स्थिति का जायजा लिया जा रहा है।







