कैमूर: ईद मिलादुन्नबी को लेकर कैमूर जिले के मोहनिया में प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। पर्व के दौरान शांति और सौहार्द बनाए रखने के साथ जुलूस को सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने को लेकर मोहनिया थाना परिसर में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई।
बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शिनी की मौजूदगी में हुई। इसमें मोहनिया और कुदरा के प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी, बिजली विभाग के अधिकारी तथा मोहनिया, कुदरा और रामगढ़ थाना के थानाध्यक्ष समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक के दौरान ईद मिलादुन्नबी के अवसर पर निकलने वाले जुलूस के रूट, सुरक्षा व्यवस्था और यातायात प्रबंधन को लेकर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और लोगों ने प्रशासन के सामने कई महत्वपूर्ण सुझाव और समस्याएं रखीं। लोगों ने मांग की कि जुलूस के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए संबंधित व्यवस्थाएं पहले से सुनिश्चित की जाएं।
प्रशासन की ओर से जुलूस के दौरान सुरक्षा व्यवस्था, यातायात नियंत्रण, बिजली आपूर्ति, साफ-सफाई और अन्य जरूरी इंतजामों को लेकर जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे और संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
बैठक में प्रशासन ने स्थानीय लोगों से आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ पर्व मनाने की अपील की। अधिकारियों ने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे, ताकि ईद मिलादुन्नबी का जुलूस शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो सके।
ईद मिलादुन्नबी को लेकर प्रशासन की तैयारियों और शांति समिति की बैठक में उठे प्रमुख मुद्दों पर संवाददाता मीर जलालुद्दीन ने मोहनिया की अनुमंडल पदाधिकारी रत्ना प्रियदर्शिनी से खास बातचीत की। उन्होंने प्रशासन की तैयारियों और सुरक्षा व्यवस्था को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की।







