DM conducts surprise inspection of Model Leprosy Hospital, reviews patient facilities and security arrangements

रोहतास: रोहतास के रुद्रपुरा स्थित मॉडल लेप्रोसी अस्पताल का जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में भर्ती कुष्ठ रोगियों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं, भोजन, आवास और सर्जरी की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने मरीजों से बातचीत कर उपचार और सुविधाओं के संबंध में भी जानकारी ली।

अस्पताल में मरीजों को करीब दो महीने तक नि:शुल्क भोजन, आवास, ऑपरेशन और उपचार की सुविधा उपलब्ध कराई जाती है। इलाज के दौरान मरीजों को मजदूरी क्षतिपूर्ति के रूप में इंसेंटिव भी दिया जाता है। सफल उपचार के बाद पात्र मरीजों को सिविल सर्जन कार्यालय के माध्यम से कार्ड उपलब्ध कराया जाता है, जिसके आधार पर उन्हें हर महीने 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।

GNSU Admission Open 2026

निरीक्षण के दौरान अस्पताल परिसर में कुछ समस्याएं भी सामने आईं। परिसर के कई हिस्सों में बड़ी संख्या में झाड़ियां उगी हुई थीं, जिससे सांप निकलने और सर्पदंश की आशंका बनी हुई थी। इसके अलावा अस्पताल की चारदीवारी भी कई जगह से क्षतिग्रस्त मिली। डीएम ने मरीजों और अस्पताल कर्मियों की सुरक्षा को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

जिलाधिकारी ने वन विभाग और स्थानीय प्रशासन को संयुक्त रूप से विशेष सफाई अभियान चलाकर अस्पताल परिसर से झाड़ियों को हटाने का निर्देश दिया। वहीं, क्षतिग्रस्त चारदीवारी की जल्द मरम्मत कराने के लिए प्राक्कलन तैयार कर प्रस्तुत करने को कहा गया।

डीएम ने अस्पताल में उपलब्ध सुविधाओं और डेमियन फाउंडेशन की ओर से किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि रुद्रपुरा स्थित यह केंद्र केवल रोहतास ही नहीं, बल्कि पूरे बिहार के कुष्ठ रोगियों के लिए महत्वपूर्ण स्वास्थ्य केंद्र है। उन्होंने मरीजों को बेहतर उपचार और सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया।