Home बिहार दर्जनभर डकैतों ने ज्वेलरी कारोबारी के घर बोला धावा, बम से दहशत...

दर्जनभर डकैतों ने ज्वेलरी कारोबारी के घर बोला धावा, बम से दहशत फैलाकर लूटपाट

137
0
दर्जनभर डकैतों ने ज्वेलरी कारोबारी के घर बोला धावा, बम से दहशत फैलाकर लूटपाट

बिहार के वैशाली जिले के महनार थाना क्षेत्र स्थित थानपुर गांव में बीती रात एक ज्वेलरी व्यवसायी के घर पर बड़ी डकैती की वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार, करीब 25–30 की संख्या में हथियारबंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की और इलाके में दहशत फैलाने के लिए एक दर्जन से अधिक बम फेंके। बताया जाता है कि डकैतों ने सबसे पहले घर के मुख्य गेट को कटर से काटा और जबरन अंदर प्रवेश किया। इसके बाद लगातार बम फेंककर पूरे गांव में भय का माहौल बना दिया। तेज धमाकों की आवाज से लोग सहम गए और कोई भी घर से बाहर निकलने की हिम्मत नहीं कर सका। डकैती के दौरान घर में मौजूद लोगों के साथ बदमाशों ने मारपीट भी की, जिसमें रंजीत साह और सुरेश साह घायल हो गए। दोनों का स्थानीय अस्पताल में इलाज जारी है। बदमाश घर से कीमती जेवरात और नकदी लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ित परिवार और ग्रामीणों ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि 112 नंबर पर सूचना देने के बावजूद पुलिस करीब दो घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे लोगों में आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि इतनी बड़ी संख्या में बदमाशों का गांव में घुसकर घंटों तक उत्पात मचाना पुलिस की गश्ती और खुफिया व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। महनार के एसडीपीओ प्रवीन कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया है। प्रारंभिक जांच में कुछ अपराधियों के स्थानीय होने की आशंका जताई जा रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय और दहशत का माहौल बना हुआ है।

GNSU Admission Open 2026