
चेनारी (रोहतास)। रोहतास जिले के चेनारी थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम दोस्तों के बीच हुए विवाद के बाद एक युवक को गोली मारने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। घटना चेनारी प्रखंड कार्यालय के समीप की बताई जा रही है। गोली लगने से 17 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। घायल युवक की पहचान करमचट थाना क्षेत्र के पुढारी गांव निवासी गोरख बिन्द के 17 वर्षीय पुत्र ददन बिन्द के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार ददन को उसके दोस्तों ने फोन कर चेनारी प्रखंड कार्यालय के समीप बुलाया था। वहां चार-पांच युवक पहले से मौजूद थे। बताया जा रहा है कि सभी आपस में दोस्त थे और बातचीत के दौरान हंसी-मजाक कर रहे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर दोस्तों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि एक युवक ने ददन को निशाना बनाकर उसके सीने में गोली चला दी। गोली लगते ही ददन जमीन पर गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने आनन-फानन में घायल युवक को चेनारी प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल सासाराम रेफर कर दिया। वहां चिकित्सकों ने उपचार के दौरान उसके सीने से गोली निकाल ली। फिलहाल युवक का इलाज जारी है और चिकित्सकों के अनुसार उसकी स्थिति खतरे से बाहर बताई जा रही है। लंबे समय से दोस्त थे युवक
परिजनों का आरोप है कि ददन को उसके दोस्तों ने फोन कर बुलाया था। परिजनों के मुताबिक सभी युवक लंबे समय से एक-दूसरे के दोस्त थे। ऐसे में दोस्ती के बीच ही गोली चलने की घटना ने परिवार के साथ-साथ स्थानीय लोगों को भी हैरान कर दिया है। पुलिस ने शुरू की जांच घटना की सूचना मिलते ही चेनारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस घटना के कारणों का पता लगाने के साथ-साथ गोली चलाने वाले युवक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है। दोस्तों के बीच आखिर किस बात को लेकर विवाद हुआ और गोली चलाने की नौबत क्यों आई, यह पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।






