दरभंगा। Darbhanga जिले के बहादुरपुर थाना क्षेत्र में मुखिया पति पर हुए हमले से इलाके में सनसनी फैल गई है। ओक्षौल पंचायत की मुखिया निक्की कुमारी के पति सूरज कुमार पर शुक्रवार रात बदमाशों ने उस समय हमला कर दिया, जब वह एक सामाजिक भोज से लौट रहे थे। गंभीर रूप से घायल सूरज कुमार का इलाज डीएमसीएच में चल रहा है। पीड़ित सूरज कुमार के अनुसार, घटना उस वक्त हुई जब वह देर रात भोज से घर लौटे। जैसे ही वह अपने घर के मुख्य द्वार पर पहुंचे, वहां पहले से कुछ लोग मौजूद थे। आरोप है कि हमलावरों ने उनसे रंगदारी की मांग की। विरोध करने पर बदमाशों ने पिस्टल की बट से उन पर हमला कर दिया। सिर पर वार लगने से वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़े। घटना के बाद परिजनों ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज जारी है। इस घटना से परिवार में दहशत का माहौल है, वहीं स्थानीय लोगों में भी आक्रोश देखा जा रहा है। मामले में मुखिया निक्की कुमारी ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को नामजद अभियुक्त बनाया है। इनमें गणिपुर तरौनी निवासी अजय सिंह, कुणाल कुमार सिंह और काली गांव निवासी विशाल कुमार सिंह शामिल हैं। बहादुरपुर थानाध्यक्ष प्रसुंजय कुमार ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। उन्होंने कहा कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजा जाएगा। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सख्त कार्रवाई की जाएगी और पीड़ित को न्याय दिलाया जाएगा।







