जीरकपुर: पंजाब के जीरकपुर में पटियाला रोड स्थित एक वीआईपी होटल और पीजी में पुलिस ने छापेमारी कर तीन लड़कियों को हिरासत में लिया है। पुलिस के मुताबिक, मौके से नशे से संबंधित कुछ सामान भी बरामद हुआ है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है और हिरासत में ली गई लड़कियों का डोप टेस्ट कराने की तैयारी की जा रही है।
शिकायत के बाद पुलिस ने की कार्रवाई
मोहाली पुलिस ने रविवार को अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर कार्रवाई का वीडियो जारी कर इसकी जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, उसे शिकायत मिली थी कि होटल और पीजी की आड़ में कथित तौर पर गैरकानूनी गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
शिकायत के आधार पर एसपी गजलप्रीत कौर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने संबंधित परिसर में दबिश दी। इस दौरान तीन लड़कियां मौके पर मिलीं, जिन्हें पुलिस पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई।
नेटवर्क और नशे के सामान की जांच
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित गतिविधियां कब से संचालित हो रही थीं और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं। मौके से मिले नशे के सामान को लेकर भी जांच की जा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हिरासत में ली गई लड़कियों की भूमिका क्या थी।
अब तक 16 एफआईआर, 25 गिरफ्तार
एसपी गजलप्रीत कौर ने बताया कि होटलों की आड़ में चल रही कथित गैरकानूनी गतिविधियों के खिलाफ अब तक 16 प्राथमिकी दर्ज की जा चुकी हैं। कार्रवाई के दौरान करीब 100 लड़कियों को पकड़ा गया, जबकि 25 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
एसपी ने कहा कि ऐसी गतिविधियों के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि उनके आसपास इस तरह की कोई गतिविधि संचालित हो रही है तो इसकी सूचना पुलिस को दें और कार्रवाई में सहयोग करें।







