पटना। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति एक बार फिर देश में सबसे पहले परीक्षा परिणाम जारी कर नया इतिहास रचने की तैयारी में है। बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर के अनुसार, मैट्रिक (10वीं) और इंटरमीडिएट (12वीं) वार्षिक परीक्षा 2026 के रिजल्ट को लेकर सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं और जल्द ही आधिकारिक तारीख की घोषणा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं का मूल्यांकन कार्य समय से पहले ही पूरा कर लिया गया है। वर्तमान में टॉपर्स के वेरिफिकेशन और इंटरव्यू की प्रक्रिया चल रही है, जिससे रिजल्ट की पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।
वही कयास लगाए जा रहे हैं कि इंटरमीडिएट का परिणाम पहले जारी होगा, जिसके कुछ ही दिनों बाद मैट्रिक का रिजल्ट घोषित किया जाएगा। तकनीकी रूप से भी बोर्ड पूरी तरह तैयार है। रिजल्ट जारी होने के दौरान वेबसाइट पर अधिक ट्रैफिक को देखते हुए सर्वर को अपग्रेड किया गया है, ताकि छात्रों को बिना किसी परेशानी के अपना परिणाम देखने में आसानी हो। पिछले वर्षों की तरह इस बार भी बिहार बोर्ड अन्य राज्यों से पहले परिणाम जारी कर अपनी अलग पहचान बनाए रखने की दिशा में आगे बढ़ रहा है।







