मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के हथौड़ी थाना क्षेत्र के महुली गांव में मंगलवार की देर शाम एक तेज रफ्तार और बेकाबू स्कॉर्पियो ने सड़क किनारे मौजूद 4 लोगों को जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वहीं, घटना को अंजाम देने के बाद भाग रहे स्कॉर्पियो चालक को मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने बाइक से पीछा कर पकड़ लिया। मौके पर पहुंची पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी हुई है।
इस दुर्घटना में चार लोग घायल हो गए हैं, जिनकी पहचान सोगारथ रावत (60 वर्ष), मोना देवी (27 वर्ष), शिवानी कुमारी (8 वर्ष) और अनुष्का कुमारी (7 वर्ष) के रूप में हुई है। हादसे के बाद मौके पर भारी बवाल और हंगामा शुरू हो गया। टक्कर मारने के बाद चालक स्कॉर्पियो लेकर मौके से फरार हो रहा था, लेकिन गुस्साए ग्रामीणों ने बाइक से करीब 3 किलोमीटर तक उसका पीछा किया। भूसाही चौक के पास स्कॉर्पियो का टायर फट गया, जिससे गाड़ी रुक गई। इस दौरान चालक भागने का प्रयास करने लगा, जिसके बाद आक्रोशित भीड़ ने उसे पकड़कर जमकर पिटाई कर दी और गाड़ी को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।
हालात तनावपूर्ण होते देख मौके पर मौजूद कुछ ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर चालक की जान बचाई, वरना बड़ा हादसा हो सकता था। घटना की जानकारी मिलते ही हथौड़ी, गरहां और बोचहां थाना पुलिस के साथ डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर हंगामा करते रहे और गाड़ी ले जाने से रोकते रहे। पुलिस के आश्वासन के बाद स्थिति काबू में आई। मामले की जांच जारी है। वहीं, इस घटना को लेकर हथौड़ी थाना के एसएचओ सत्यनारायण शर्मा ने बताया कि इस घटना में कई लोग घायल हुए हैं और आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। भाग रहे स्कॉर्पियो को ग्रामीणों के सहयोग से पकड़ा गया है और चालक को हिरासत में ले लिया गया है। ग्रामीण काफी आक्रोशित थे, जिन्हें समझा-बुझाकर मामला शांत कराया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।







