दरभंगा: दरभंगा जिले के पतोर थाना क्षेत्र के चंदनपट्टी गांव में पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप धारण कर लिया, जहां एक सनकी पति ने पत्नी सहित तीन बच्चों पर हमला कर दिया। घटना में पत्नी और दो बच्चों की मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। आरोपी ने खुद को भी घायल कर लिया। घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए डीएमसीएच भेज दिया, जबकि आरोपी पति को हिरासत में लेकर इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मृतकों की पहचान पश्चिम बंगाल के दालकोला जिला अंतर्गत कुंडी थाना क्षेत्र निवासी 30 वर्षीय फूल कुमारी दास, उसके सात वर्षीय पुत्र ह्रदय दास और छह वर्षीय पुत्री संध्या दास के रूप में हुई है। वहीं पांच वर्षीय सोन दास गंभीर रूप से घायल है और डीएमसीएच में उसका इलाज चल रहा है। बताया जाता है कि आरोपी संदीप दास परिवार के साथ चंदनपट्टी स्थित एक मुर्गा फार्म में मजदूरी करता था। मंगलवार सुबह पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ।
देखते ही देखते संदीप का गुस्सा हिंसक हो उठा और उसने डंडे व लोहे की रॉड से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में पत्नी और दो बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृत बच्चों के मामा मंगू दास ने बताया कि सुबह दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद संदीप ने पूरे परिवार पर हमला कर दिया। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पतोर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को हिरासत में ले लिया। मामले की गंभीरता को देखते हुए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी हुई है।







