पटना: पटना के गोपालपुर थाना क्षेत्र के जोल बीघा में बुधवार 13 मई को मोटरसाइकिल से आए पांच अपराधियों ने हथियार के बल पर CMS सिक्योरिटी वैन को आगे से घेरकर 27 लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में मंगलवार सुबह पुलिस मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया, जबकि उसके अन्य साथियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामला गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयिनी गांव का बताया जा रहा है। घायल अपराधी को इलाज के लिए पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने घटनास्थल से अपराधियों की मोटरसाइकिल और गोली के कई खोखे बरामद किए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरीय पदाधिकारी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गए। घटनास्थल पर वरीय आरक्षी अधीक्षक कार्तिकेय शर्मा के पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है। बताते चलें कि बुधवार 13 मई को दिनदहाड़े पांच मोटरसाइकिल सवार अपराधियों ने हथियार के बल पर CMS सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये लूट लिए थे। विरोध करने पर अपराधियों ने गार्ड को हथियार दिखाकर गोली मारने की धमकी दी थी। इसके बाद पांचों अपराधी वैन में रखे 27 लाख रुपये से भरा बक्सा लूटकर मौके से फरार हो गए थे। भागने के क्रम में अपराधियों ने घटनास्थल से लगभग तीन किलोमीटर की दूरी पर रुपयों से भरा बक्सा एक खेत में फेंक दिया था।
घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी शुरू कर दी थी। इसी क्रम में मंगलवार की अहले सुबह पुलिस को सूचना मिली कि कुछ अपराधी गोपालपुर थाना क्षेत्र के उदयिनी गांव में जमा हुए हैं, जिनमें सिक्योरिटी वैन से 27 लाख रुपये लूटने वाले अपराधी भी शामिल हैं। सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी।’ बताया जा रहा है कि पुलिस को देखते ही अपराधियों ने फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें एक अपराधी के पैर में गोली लग गई और वह घायल हो गया। वहीं अन्य चार अपराधियों को पुलिस ने खदेड़कर पकड़ लिया। फिलहाल पुलिस गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ कर रही है।







