सेंट जॉन्स: वेस्टइंडीज महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच शेन डिट्ज ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है। तीन साल तक टीम की जिम्मेदारी संभालने वाले डिट्ज का कार्यकाल आपसी सहमति से समाप्त हुआ है। क्रिकेट वेस्टइंडीज (सीडब्ल्यूआई) ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि पाकिस्तान के खिलाफ आगामी सीरीज में पुरुष टेस्ट टीम के पूर्व मुख्य कोच आंद्रे कोली अंतरिम कोच की भूमिका निभाएंगे।
सीडब्ल्यूआई के अनुसार, डिट्ज का कार्यकाल 31 अक्टूबर को समाप्त हो गया। बोर्ड ने फिलहाल पाकिस्तान के खिलाफ होने वाली सीरीज के कार्यक्रम की आधिकारिक घोषणा नहीं की है, लेकिन इसके दिसंबर के दूसरे सप्ताह में शुरू होने की संभावना है। अंतरिम कोच बनाए गए आंद्रे कोली पहले से ही वेस्टइंडीज के कोचिंग ढांचे से जुड़े रहे हैं। वह हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रम में योगदान देने के साथ पिछले साल वेस्टइंडीज पुरुष ‘ए’ टीम के मुख्य कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
शेन डिट्ज के कार्यकाल में वेस्टइंडीज महिला टीम ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। उनकी अगुवाई में टीम लगातार दो महिला टी-20 विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंची। वर्ष 2024 के टूर्नामेंट में वेस्टइंडीज को न्यूजीलैंड के खिलाफ हार का सामना करना पड़ा था, जबकि 2026 के विश्व कप में ऑस्ट्रेलिया ने उसे सेमीफाइनल में हराकर खिताबी दौड़ से बाहर कर दिया।
क्रिकेट वेस्टइंडीज के क्रिकेट निदेशक माइल्स बास्कोम्बे ने डिट्ज के योगदान की सराहना की। उन्होंने कहा कि टीम को लगातार दो विश्व कप के सेमीफाइनल तक पहुंचाना बड़ी उपलब्धि है और इससे खिलाड़ियों के सामने प्रदर्शन का एक नया मानक स्थापित हुआ है। बास्कोम्बे के मुताबिक, डिट्ज ने अपनी योजनाओं के बारे में बोर्ड को जानकारी दी थी। इसके बाद आपसी चर्चा से टीम की कमान किसी अन्य को सौंपने का फैसला लिया गया।
उन्होंने आंद्रे कोली पर भरोसा जताते हुए कहा कि वेस्टइंडीज क्रिकेट व्यवस्था में उनके अनुभव से टीम को पाकिस्तान सीरीज की तैयारी जारी रखने में मदद मिलेगी।
वहीं, शेन डिट्ज ने अपने तीन साल के कार्यकाल को सफल बताते हुए खिलाड़ियों, सहयोगी स्टाफ और क्रिकेट वेस्टइंडीज का आभार जताया। उन्होंने टीम के भविष्य के लिए शुभकामनाएं भी दीं।







