यामल और राफिन्हा के दम पर बार्सिलोना की शानदार जीत
Barcelona’s brilliant victory, powered by Yamal and Raphinha

बार्सिलोना (स्पेन): राफिन्हा के दो गोल और युवा स्टार लामिन यामल के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बार्सिलोना ने यूईएफए चैंपियंस लीग में एस्टन विला को 3-0 से करारी शिकस्त दी। इस जीत के साथ बार्सिलोना ने प्रतियोगिता में अपनी स्थिति मजबूत कर ली और अंक तालिका में विला के बराबर पहुंच गया।

कैंप नोउ में खेले गए मुकाबले में बार्सिलोना ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। टीम को सातवें मिनट में ही सफलता मिल गई, जब लामिन यामल ने शानदार गोल कर स्कोर 1-0 कर दिया। इस गोल के साथ यामल ने चैंपियंस लीग के इतिहास में सबसे कम उम्र में 14 गोल करने वाले खिलाड़ी बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। उन्होंने इस मामले में फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एम्बाप्पे को पीछे छोड़ दिया।

GNSU Admission Open 2026

शुरुआती बढ़त के बाद एस्टन विला ने वापसी की कोशिश की। टीम के मैटी कैश और जोआओ गोम्स ने गोल करने के अच्छे मौके बनाए। जोहान मंजाम्बी भी गोल के करीब पहुंचे, लेकिन बार्सिलोना की रक्षापंक्ति ने उनके प्रयासों को नाकाम कर दिया। तेज बारिश के बीच खेले गए इस मुकाबले में दोनों टीमों के बीच पहले हाफ में कड़ा संघर्ष देखने को मिला।

दूसरे हाफ में बार्सिलोना ने अपना दबदबा और मजबूत कर लिया। राफिन्हा ने 52वें मिनट में गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी। उनके शॉट को रोकने में एस्टन विला के गोलकीपर जायोन सुजुकी नाकाम रहे। इसके बाद राफिन्हा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। उन्होंने जोआओ कैंसलो के शानदार खेल का फायदा उठाते हुए दूसरा गोल दागा और बार्सिलोना की जीत सुनिश्चित कर दी।

राफिन्हा के लिए यह सीजन शानदार रहा है। उन्होंने केवल 13 मैचों में 19 गोल कर अपनी बेहतरीन फॉर्म का परिचय दिया है। वहीं, यामल ने एक बार फिर साबित किया कि वह यूरोपीय फुटबॉल के उभरते हुए प्रमुख सितारों में शामिल हैं।

इस जीत के बाद बार्सिलोना के नौ अंक हो गए हैं और वह अंक तालिका में एस्टन विला के बराबर पहुंच गया है। टीम ने इस प्रदर्शन से चैंपियंस लीग में अपनी दावेदारी और मजबूत की है।