Kumkum Mohod creates history, wins Asian Games gold in recurve.

आइची-नागोया। एशियाई खेलों में भारतीय तीरंदाजी के लिए शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। महिलाओं की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में 17 वर्षीय कुमकुम मोहोद ने स्वर्ण पदक जीतकर इतिहास रच दिया। इसके साथ ही उन्होंने लॉस एंजिल्स 2028 ओलंपिक के लिए भारत का महिला रिकर्व कोटा भी पक्का किया। पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में नीरज चौहान ने हमवतन धीरज बोम्मादेवरा को हराकर कांस्य पदक अपने नाम किया।

कुमकुम और दक्षिण कोरिया की ओह येजिन के बीच स्वर्ण पदक मुकाबला 5-5 की बराबरी पर समाप्त हुआ। इसके बाद शूट-ऑफ में कुमकुम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 10 अंक हासिल किए, जबकि ओह येजिन आठ अंक ही जुटा सकीं। इस जीत के साथ कुमकुम एशियाई खेलों की व्यक्तिगत रिकर्व तीरंदाजी में स्वर्ण पदक जीतने वाली पहली भारतीय महिला बन गईं।

GNSU Admission Open 2026

फाइनल से पहले कुमकुम ने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की मौजूदा विश्व चैंपियन और ओलंपिक पदक विजेता कांग चेयॉन्ग को 6-3 से हराया था। सेमीफाइनल में उन्होंने चीन की झू जिंगयी को 6-2 से मात देकर फाइनल में जगह बनाई।

स्वर्ण पदक मुकाबले में ओह येजिन ने पहला सेट 29-27 से जीता, जबकि दूसरा सेट 29-29 से बराबर रहा। कुमकुम ने तीसरे सेट में 30 का परफेक्ट स्कोर बनाया, लेकिन चौथे सेट के बाद वह 3-5 से पीछे हो गईं। निर्णायक पांचवें सेट में उन्होंने फिर 30 अंक हासिल कर मुकाबले को शूट-ऑफ तक पहुंचाया और अंतिम चरण में 10 अंक लगाकर स्वर्ण पर कब्जा किया।

कुमकुम का एशियाई खेलों में यह तीसरा पदक है। उन्होंने रिकर्व टीम स्पर्धा में स्वर्ण और मिश्रित टीम स्पर्धा में रजत पदक भी जीता था।

पुरुषों की व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में धीरज बोम्मादेवरा और नीरज चौहान सेमीफाइनल में हार गए। धीरज को दक्षिण कोरिया के ली वूसोक ने 7-3 से, जबकि नीरज को जापान के जुन्या नाकानिशी ने 7-1 से हराया। इसके बाद कांस्य पदक मुकाबले में नीरज ने धीरज को हराकर पदक जीता। अंतिम सेट में नीरज ने दबाव के बीच 10 अंक का निशाना लगाकर कांस्य पदक सुनिश्चित किया।