अभिषेक-तिलक के तूफानी अर्धशतक, पाकिस्तान को 212 रन का लक्ष्य
Abhishek and Tilak's explosive half-centuries; target of 212 runs set for Pakistan.

निशिन। एशियाई खेल 2026 की क्रिकेट प्रतियोगिता के फाइनल में भारत ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा है। अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा की शानदार अर्धशतकीय पारियों की बदौलत भारतीय टीम ने निर्धारित 20 ओवर में छह विकेट पर 211 रन बनाए। अभिषेक ने 61 रन की आक्रामक पारी खेली, जबकि तिलक वर्मा 51 रन बनाकर नाबाद रहे।

भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत हालांकि अच्छी नहीं रही और तीसरे ओवर की पहली गेंद पर वैभव सूर्यवंशी 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके अगले ओवर में संजू सैमसन भी केवल दो रन के निजी स्कोर पर पवेलियन लौट गए।

GNSU Admission Open 2026

दो शुरुआती झटकों के बाद अभिषेक शर्मा और श्रेयस अय्यर ने पारी को संभाला। दोनों के बीच तीसरे विकेट के लिए 42 रन की साझेदारी हुई। अभिषेक ने इस दौरान पाकिस्तान के गेंदबाजों पर जमकर प्रहार किया। आठवें ओवर में अराफात मिन्हास ने उन्हें स्टंप आउट कराकर साझेदारी तोड़ी। अभिषेक ने 28 गेंदों का सामना करते हुए तीन चौकों और सात छक्कों की मदद से 61 रन बनाए।

इसके बाद भारतीय पारी को कुछ झटके और लगे। इशान किशन 20 रन बनाकर 13वें ओवर में आउट हुए, जबकि अगले ओवर में कप्तान श्रेयस अय्यर 21 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद शिवम दुबे ने तेजी से रन जुटाते हुए 15 गेंदों में दो चौकों और दो छक्कों की मदद से 27 रन बनाए।

अंतिम ओवरों में तिलक वर्मा ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए भारतीय स्कोर को 200 के पार पहुंचाया। उन्होंने केवल 22 गेंदों में तीन चौकों और चार छक्कों की मदद से नाबाद 51 रन बनाए। उनके साथ भारतीय बल्लेबाजों ने पाकिस्तान के सामने 212 रन का लक्ष्य रखा।

पाकिस्तान की ओर से अराफात मिन्हास और अहमद दनियाल ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सैम अयूब और अबरार अहमद को एक-एक सफलता मिली। अब पाकिस्तान को एशियाई खेलों के फाइनल में स्वर्ण पदक जीतने के लिए निर्धारित 20 ओवर में 212 रन बनाने होंगे।