काबुल। अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (एसीबी) ने आगामी अफगानिस्तान प्रीमियर लीग (एपीएल) को लेकर बड़ा अपडेट दिया है। बोर्ड के अनुसार, लीग की बची हुई दो फ्रेंचाइजी के लिए पांच पक्षों ने रुचि दिखाई है। इनमें एक अफगानिस्तान से, जबकि अन्य भारत और दूसरे बाजारों से हैं। एसीबी ने साफ किया है कि फ्रेंचाइजी समझौतों को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया जारी है और लीग पांच टीमों के साथ आयोजित करने की योजना पर काम हो रहा है।
क्रिकबज की रिपोर्ट के मुताबिक, एसीबी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी नसीब खान ने लीग के स्थगित होने की अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि बोर्ड एपीएल को तय योजना के अनुसार दोबारा शुरू करने के लिए प्रतिबद्ध है। लीग का पहला सीजन 2018 में खेला गया था। इसके बाद अब इसे फिर से शुरू करने की तैयारी की जा रही है।
फ्रेंचाइजी चयन में सावधानी बरत रहा बोर्ड
नसीब खान ने बताया कि एसीबी और उसका व्यावसायिक साझेदार बची हुई दो फ्रेंचाइजी के इच्छुक पक्षों के संपर्क में हैं। बोर्ड का उद्देश्य केवल खाली जगहों को जल्द भरना नहीं, बल्कि ऐसे साझेदार चुनना है जो आर्थिक रूप से सक्षम हों, अनुभव रखते हों और लीग के दीर्घकालिक विकास में योगदान दे सकें।
उन्होंने कहा कि व्यावसायिक साझेदार और फ्रेंचाइजी लीग के महत्वपूर्ण हितधारक हैं। इसलिए उनके चयन में रणनीतिक दृष्टिकोण अपनाया जा रहा है, ताकि प्रतियोगिता को स्थायी आधार मिल सके।
यूएई में होगा पहला सीजन
एसीबी की योजना के मुताबिक, एपीएल का पहला सीजन संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में आयोजित किया जाएगा। भविष्य में प्रतियोगिता को किसी अन्य स्थान पर आयोजित करने का विकल्प भी खुला रखा गया है। बोर्ड ने लीग की शुरुआत के लिए 27 दिसंबर 2026 की तारीख तय की है, जबकि खिलाड़ियों का ड्राफ्ट अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में प्रस्तावित है।
1500 खिलाड़ियों ने कराया पंजीकरण
नसीब खान के अनुसार, लीग के लिए करीब 1,500 खिलाड़ियों ने पंजीकरण कराया है। इनमें कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी भी शामिल हैं। पंजीकृत खिलाड़ियों की स्क्रीनिंग और आकलन के लिए एक विशेष समिति काम कर रही है।
इसके अलावा अफगान कोचों का एक पूल तैयार किया गया है। कोचिंग स्टाफ और टीम कप्तानों का चयन भी निर्धारित नियमों तथा फ्रेंचाइजी की जरूरतों के आधार पर किया जाएगा। एसीबी को उम्मीद है कि इन तैयारियों से लीग की वापसी को मजबूती मिलेगी।







