Home अंतरराष्ट्रीय मेसी के पिता को श्रद्धांजलि देने पर डी पॉल को मिली सजा,...

मेसी के पिता को श्रद्धांजलि देने पर डी पॉल को मिली सजा, जर्सी उतारना पड़ा भारी

25
0
De Paul was punished for paying tribute to Messi's father, having to remove his jersey.

नयी दिल्ली: लियोनल मेसी के करीबी दोस्त रोड्रिगो डी पॉल को अपने दोस्त के पिता को श्रद्धांजलि देना भारी पड़ गया। लीग्स कप के ग्रुप स्टेज मुकाबले में मॉन्टेरी के खिलाफ गोल करने के बाद डी पॉल ने अपनी जर्सी उतारकर नीचे पहनी मेसी की नंबर-10 जर्सी दिखाई। इस पर रेफरी ने उन्हें येलो कार्ड दिखा दिया। भावुक पल के बीच इंटर मियामी को हालांकि मुकाबले में मॉन्टेरी के हाथों 2-1 से हार का सामना करना पड़ा।

मुकाबले के 32वें मिनट में डी पॉल ने करीब 25 गज की दूरी से शानदार लंबी दूरी का गोल दागकर इंटर मियामी को बढ़त दिलाई। गोल के बाद उन्होंने अपनी जर्सी उतार दी। इसके नीचे लियोनल मेसी की मशहूर नंबर-10 जर्सी थी। डी पॉल ने मेसी की जर्सी की तरफ इशारा किया। उनका यह सेलिब्रेशन मेसी के पिता जॉर्ज मेसी को श्रद्धांजलि देने के तौर पर देखा गया। हालांकि जर्सी उतारने के कारण रेफरी ने उन्हें नियमों के तहत येलो कार्ड दिखाया।


मेसी इस मुकाबले में इंटर मियामी के लिए नहीं खेले। वह अपने पिता जॉर्ज मेसी के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए अर्जेंटीना लौट गए हैं। ऐसे में डी पॉल का यह सेलिब्रेशन अपने करीबी दोस्त के प्रति समर्थन का भावुक संदेश था। डी पॉल और मेसी की दोस्ती अर्जेंटीना की राष्ट्रीय टीम में लंबे समय से रही है। दोनों ने कई बड़े मुकाबले साथ खेले हैं और मैदान के बाहर भी उनकी करीबी दोस्ती जगजाहिर है।

GNSU Admission Open 2026

जॉर्ज मेसी ने अपने बेटे लियोनल के करियर को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई थी। वह लंबे समय तक मेसी के एजेंट रहे और उनके व्यावसायिक मामलों को भी संभालते थे। युवा मेसी के साथ वह बार्सिलोना गए थे, जहां लियोनल ने क्लब की मशहूर युवा अकादमी ला मासिया में ट्रायल दिया था।

जॉर्ज खुद भी फुटबॉल खेल चुके थे और न्यूवेल्स ओल्ड बॉयज की युवा टीम तक पहुंचे थे। बाद में उन्होंने बेटे के करियर पर पूरा ध्यान दिया। लियोनल मेसी ने 2005 में सीनियर फुटबॉल में डेब्यू किया और आगे चलकर आठ बैलन डी’ओर पुरस्कार जीते। उन्होंने अर्जेंटीना को 2022 फीफा विश्व कप का खिताब भी दिलाया। ऐसे में डी पॉल का गोल के बाद मेसी की नंबर-10 जर्सी दिखाना दोस्ती और संवेदना का खास संदेश था, लेकिन इसके लिए उन्हें मैदान पर कार्रवाई का भी सामना करना पड़ा।

डी पॉल के गोल से इंटर मियामी ने अच्छी शुरुआत की, लेकिन दूसरे हाफ में मॉन्टेरी ने वापसी की। ह्यूगो क्यूपर्स ने 47वें मिनट में गोल करके स्कोर 1-1 कर दिया। इंटर मियामी बराबरी के बाद मुकाबले में वापसी की कोशिश करती रही, लेकिन 90वें मिनट में डिएगो रोसी ने मॉन्टेरी के लिए निर्णायक गोल दाग दिया। इस गोल के साथ मॉन्टेरी ने 2-1 से जीत दर्ज की।

लीग्स कप 2023 की विजेता इंटर मियामी के लिए यह हार उसकी नॉकआउट की उम्मीदों के लिए बड़ा झटका है। पिछले साल फाइनल में पहुंचने वाली मियामी की टीम के लिए 18 टीमों वाले ग्रुप में एक मैच बाकी रहते अगले दौर में जगह बनाना मुश्किल नजर आ रहा है।