Sensex plunges 2,091 points in a week under pressure from global cues, eyes on the way forward

मुंबई: पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने के कारण बीते सप्ताह घरेलू शेयर बाजारों में बड़ी गिरावट देखी गयी और बीएसई का सेंसेक्स पांच दिन में 2,091 अंक फिसल गया। अब आने वाले सप्ताह में निवेशकों की नजर एक बार फिर पश्चिम एशिया की स्थिति पर होगी। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने से लंदन का ब्रेंट क्रूड वायदा एक बार फिर 100 डॉलर प्रति बैरल तक पहुंच गया। इससे भारत जैसे ऊर्जा आयातक देश में घरेलू शेयर बाजारों में पांचों दिन बिकावाली देखी गयी। आने वाले सप्ताह में अमेरिका-ईरान के बीच तनाव के अलावा निवेशकों की नजर कंपनियों के तिमाही परिणामों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की बैठक पर भी रहेगी। अगले सप्ताह बीईएल, केनरा बैंक, कोल इंडिया, हिंदुस्तान यूनीलिवर, एलएंडटी और एशियन पेंट्स के साथ कई कंपनियों के तिमाही परिणाम जारी होने हैं।


गत सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 2,091.68 अंक (2.68 प्रतिशत) की साप्ताहिक गिरावट में रहा। सप्ताहांत पर शुक्रवार को यह 76,059.77 अंक पर बंद हुआ जो 12 जून के बाद का इसका निचला स्तर है। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक भी सप्ताह के दौरान 566.85 अंक यानी 2.33 प्रतिशत गिरकर 12 जून के बाद के निचले स्तर 23,767.45 अंक पर बंद हुआ। वृहत बाजार में निफ्टी मिडकैप-50 सूचकांक 1.23 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 सूचकांक 2.18 प्रतिशत टूट गया।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


बीते सप्ताह सेंसेक्स की 30 में से 20 कंपनियों के शेयर लाल निशान में रहे। एचडीएफसी बैंक में सबसे अधिक 9.40 प्रतिशत की गिरावट रही। एक्सिस बैंक का शेयर 7.59 प्रतिशत, इंफोसिस का 5.11, इंडिगो का 5.02, बजाज फाइनेंस का 4.08, अडानी पोर्ट्स का 3.76, रिलायंस इंडस्ट्रीज का 3.64, भारतीय स्टेट बैंक का 2.78 और मारुति सुजुकी का 2.51 प्रतिशत टूट गया।


सप्ताह के दौरान इटरनल का शेयर 2.34 फीसदी, एशियन पेंट्स का 1.89 प्रतिशत, टाटा स्टील का 1.72, कोटक महिंद्रा बैंक का 1.32 और बीईएल का 1.06 प्रतिशत नीचे बंद हुआ। एलएंडटी ने 0.78 प्रतिशत, टेक महिंद्रा ने 0.65, टीसीएस ने 0.63, आईसीआईसीआई बैंक ने 0.61 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा ने 0.56 प्रतिशत और भारती एयरटेल ने 0.51 प्रतिशत का नुकसान उठाया।


सप्ताहिक बढ़त में रहने वाली कंपनियों में एचसीएल टेक्नोलॉजीज का शेयर 5.55 प्रतिशत, ट्रेंट का 1.74, पावरग्रिड का 1.64, एनटीपीसी का 1.57 और आईटीसी का 1.07 प्रतिशत चढ़ा। टाइटन में 0.98 प्रतिशत, अल्ट्राटेक सीमेंट में 0.97, बजाज फिनसर्व में 0.92, सन फार्मा में 0.41 और हिंदुस्तान यूनीलिवर में 0.03 प्रतिशत की तेजी रही।