Security beefed up in Raipur ahead of Independence Day, with police blockades and intensive vehicle checking at 43 locations.

रायपुर: स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर पुलिस ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर शहर में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करते हुए रविवार रात व्यापक वाहन जांच अभियान चलाया। रायपुर कमिश्नरेट के तीनों जोन के सभी थाना क्षेत्रों में रात 8:30 बजे से 11:30 बजे तक नाकेबंदी कर वाहनों और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की गई। इस दौरान शहर में कुल 43 चेकिंग पॉइंट बनाए गए।


पुलिस टीमों ने प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों को रोककर जांच की। शहर में प्रवेश करने वाले बाहरी लोगों का सत्यापन करने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों से पूछताछ की गई। बिना नंबर के वाहनों, संदिग्ध नंबर प्लेट तथा आपराधिक गतिविधियों से जुड़े लोगों पर विशेष निगरानी रखी गई।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


सेंट्रल जोन के कोतवाली, गोलबाजार, मौदहापारा, गंज, सिविल लाइन, देवेंद्रनगर और तेलीबांधा थाना क्षेत्रों में 14 चेकिंग पॉइंट बनाए गए। चांदनी चौक, कोतवाली चौक, जयस्तंभ चौक, शारदा चौक, तेलघानी नाका, गोवर्धन चौक, लाल चौक, फूंडहर चौक और अग्रसेन चौक सहित प्रमुख स्थानों पर पुलिस ने वाहनों की जांच की।


नॉर्थ जोन में खमतराई, पंडरी, खमारडीह, उरला, गुड़ियारी थाना और रामनगर चौकी क्षेत्र में 11 स्थानों पर अचानक चेकिंग अभियान चलाया गया। खमतराई चौक, बंजारी चौक, विज्ञान केंद्र, शंकर नगर चौक, कनहेरा चौक, भारत माता चौक और कबीर चौक समेत विभिन्न स्थानों पर वाहनों को रोककर दस्तावेज और संदिग्ध गतिविधियों की जांच की गई।


वेस्ट जोन में सबसे अधिक 18 चेकिंग पॉइंट स्थापित किए गए। आजाद चौक, राजेंद्र नगर, पुरानी बस्ती, डीडी नगर, आमानाका, सरस्वती नगर, टिकरापारा, कबीर नगर और मुजगहन थाना क्षेत्रों में पुलिस बल तैनात रहा। इसके अलावा टाटीबंध चौक, मोहबाबाजार, महादेवघाट, भाठागांव, एनआईटी के सामने, बस स्टैंड और धमतरी रोड एक्सप्रेस-वे सहित प्रमुख स्थानों पर भी विशेष निगरानी की गई।


पुलिस अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण, अपराधों की रोकथाम और कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखना है। स्वतंत्रता दिवस के दौरान शहर में शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित करने के लिए आने वाले दिनों में भी संवेदनशील क्षेत्रों और प्रमुख स्थानों पर निगरानी बढ़ाई जा सकती है।