Accused of murdering an old man arrested in Jalaun

जालौन: उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के गोहन थाना क्षेत्र में 21 जून की रात खेत पर सो रहे गिरजाशंकर तिवारी की डंडे से पीटकर हत्या किए जाने के मामले में पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने घटना में शामिल आरोपी राजू दुबे उर्फ राजकुमार (50) निवासी ग्राम बिठौली, थाना बिठौली, जनपद इटावा को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है। पुलिस अधीक्षक जालौन विनय कुमार सिंह ने बताया कि 22 जून को मृतक के पुत्र राकेश तिवारी ने अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या की तहरीर दी थी। इस पर गोहन थाने में मुकदमा संख्या 51/26, धारा 103(1) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने शव का पंचायतनामा कराकर फील्ड यूनिट से साक्ष्य संकलित कराए।


अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी के नेतृत्व में क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ और थानाध्यक्ष गोहन को घटना के खुलासे के निर्देश दिए गए थे। विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक व भौतिक साक्ष्यों के आधार पर राजू दुबे का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि 19 फरवरी को उसकी भांजी रूपाली की शादी के दौरान शराब पीने को लेकर गिरजाशंकर ने उसे थप्पड़ों से पीटा और अपमानित कर घर से भगा दिया था। इसी का बदला लेने के लिए उसने 21 जून की रात खेत पर सो रहे गिरजाशंकर के सिर पर डंडे से कई वार किए। घटना में प्रयुक्त डंडा पुलिस ने बरामद कर विधि विज्ञान प्रयोगशाला भेज दिया है। पुलिस टीम में थानाध्यक्ष गोहन सहित पुलिसकर्मी शामिल रहे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA