आप में बगावत: पार्टी छोड़ने वालों ने दिया था न्योता, सांसद का बड़ा दावा

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) में जारी सियासी उथल-पुथल के बीच राज्यसभा सांसद बलबीर सिंह सीचेवाल ने बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी छोड़ने वाले सांसदों ने उन्हें भी अपने साथ आने का न्योता दिया था, लेकिन उन्होंने इसे ठुकरा दिया। सीचेवाल ने सात सांसदों के एक साथ पार्टी छोड़ने पर दुख जताते हुए इसे पार्टी के साथ “बेवफाई” करार दिया। सीचेवाल के अनुसार, राज्यसभा सांसद विक्रमजीत सिंह साहनी ने उन्हें फोन कर एक स्वतंत्र समूह में शामिल होने का प्रस्ताव दिया था। हालांकि उन्होंने स्पष्ट रूप से इस प्रस्ताव को अस्वीकार कर दिया और पार्टी के प्रति अपनी निष्ठा जताई। उन्होंने कहा कि आप ने इन नेताओं को राज्यसभा में भेजकर पंजाब के मुद्दों को उठाने का मौका दिया था, लेकिन अब उनका अचानक पार्टी छोड़ना सवाल खड़े करता है।

उन्होंने राघव चड्ढा और संदीप पाठक के फैसले पर भी हैरानी जताई। सीचेवाल ने कहा कि इन नेताओं ने पंजाब की राजनीति में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, लेकिन अब पार्टी से अलग होने का उनका फैसला समझ से परे है। वहीं दूसरी ओर, भाजपा में शामिल हुए सांसद विक्रमजीत साहनी ने आप के आरोपों को खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने कोई गद्दारी नहीं की है। उनका कहना है कि वे अब पहले से दस गुना अधिक काम करेंगे और जनता के लिए बेहतर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि पार्टी के अंदर लंबे समय से असंतोष था, खासकर कुछ नेताओं को साइडलाइन किए जाने को लेकर। साहनी ने एक साक्षात्कार में कहा कि दिल्ली चुनाव में हार के बाद पार्टी की नई टीम ने कमान संभाली, जिससे पुराने नेताओं में नाराजगी बढ़ी। उन्होंने यह भी बताया कि इस मुद्दे को लेकर उन्होंने पार्टी प्रमुख अरविंद केजरीवाल से भी मुलाकात की थी। इस पूरे घटनाक्रम ने आप की आंतरिक स्थिति और राज्यसभा के सियासी समीकरण को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA