Preparations for the 'Seva Sankalp Abhiyan' in Rohtas are complete; 'blessing lamps' will be lit.

सासाराम: रोहतास जिले में ‘सेवा संकल्प अभियान’ को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। अभियान के तहत सरकारी योजनाओं और सेवाओं को आम लोगों तक आसानी से पहुंचाने के साथ जनभागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया जाएगा। डीडीसी आकांक्षा आनंद ने अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों और तैयारियों की जानकारी दी।

अभियान की शुरुआत ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम से होगी। इसके तहत जिले के सरकारी कार्यालयों, प्रखंड, अनुमंडल और जिला स्तरीय कार्यालयों, वोटर बूथों तथा प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर सामूहिक रूप से दीप जलाए जाएंगे। इसका उद्देश्य अभियान को जनभागीदारी से जोड़ना है।

GNSU Admission Open 2026

‘सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर लगेंगे शिविर

अभियान के तहत प्रखंड और विधानसभा स्तर पर ‘सरकार आपके द्वार’ की तर्ज पर शिविर आयोजित किए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से लोगों को स्थानीय स्तर पर सरकारी योजनाओं और सेवाओं का लाभ दिलाने तथा उनकी समस्याओं के समाधान का प्रयास किया जाएगा।

केंद्र की 26 प्रमुख योजनाओं सहित अन्य सरकारी सेवाओं से जुड़े मामलों के मौके पर ही निपटारे पर विशेष जोर रहेगा, ताकि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें।

सफाई और पौधरोपण पर भी जोर

‘सेवा मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत तालाबों और छठ घाटों की सफाई, पौधरोपण और स्वच्छता से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसके जरिए लोगों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने की पहल की जाएगी।

डीडीसी आकांक्षा आनंद के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य सरकारी योजनाओं और सेवाओं को पात्र लोगों तक आसानी से पहुंचाना, जनभागीदारी बढ़ाना तथा विकास और स्वच्छता से जुड़े कार्यों को गति देना है।