20-member Indian contingent for ISSF Junior World Cup, Sabira Haris in focus

पोर्पेटो (इटली): इटली के पोर्पेटो में आयोजित होने वाले ISSF जूनियर वर्ल्ड कप शॉटगन 2026 में भारत का 20 सदस्यीय निशानेबाजी दल हिस्सा लेगा। एशियन ट्रैप चैंपियन सबीरा हारिस भारतीय टीम की प्रमुख पदक दावेदारों में शामिल हैं।

अंडर-21 निशानेबाजों के लिए होने वाली इस प्रतियोगिता में भारत ट्रैप और स्कीट की पांच पदक स्पर्धाओं में चुनौती पेश करेगा। भारतीय दल में पुरुष ट्रैप के छह, पुरुष स्कीट के चार, महिला ट्रैप के पांच और महिला स्कीट के पांच निशानेबाज शामिल हैं। इसके अलावा चार निशानेबाज जूनियर मिक्स्ड टीम ट्रैप स्पर्धा में हिस्सा लेंगे।

GNSU Admission Open 2026

सबीरा हारिस को भारतीय टीम की प्रमुख उम्मीद माना जा रहा है। उन्हें सीनियर स्तर की अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं का भी अनुभव है। उन्होंने निकोसिया में हुए ISSF वर्ल्ड कप में ओलंपियन कीनन चेनाई के साथ मिक्स्ड ट्रैप में कांस्य पदक जीता था।

जुहैब खान पुरुष और मिक्स्ड ट्रैप स्पर्धाओं में उतरेंगे, जबकि आद्या कात्याल महिला ट्रैप में भारत का प्रतिनिधित्व करेंगी। दोनों ने काहिरा में हुए जूनियर वर्ल्ड कप में मिक्स्ड ट्रैप में कांस्य पदक जीता था।

काहिरा जूनियर वर्ल्ड कप में भारत ने कुल 16 पदक हासिल किए थे, जिनमें पांच स्वर्ण, छह रजत और पांच कांस्य शामिल थे। वहीं, पिछले साल सुहल और नई दिल्ली में आयोजित ISSF जूनियर वर्ल्ड कप चरणों में भारतीय निशानेबाजों ने कुल 37 पदक जीते थे, जिसमें 17 स्वर्ण पदक शामिल थे।

पोर्पेटो प्रतियोगिता में 30 फेडरेशन के कुल 218 निशानेबाज हिस्सा ले रहे हैं। अमेरिका 22 सदस्यीय दल के साथ सबसे बड़ा प्रतिनिधिमंडल है।