SDO Priya Rani reached the cooperation camp and got the problems resolved.

सासाराम: प्रखंड सासाराम की ग्राम पंचायत गंसाडीह स्थित पंचायत सरकार भवन में ग्रामीणों की समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए विशेष सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सासाराम सदर एसडीओ आईएएस प्रिया रानी ने पहुंचकर विभिन्न विभागों के काउंटरों का निरीक्षण किया और ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं।

शिविर में ग्रामीणों ने दाखिल-खारिज, राशन कार्ड में नाम जोड़ने, वृद्धावस्था एवं विधवा पेंशन, मनरेगा जॉब कार्ड, ग्रामीण स्वच्छता और पेयजल सहित कई समस्याएं एसडीओ के सामने रखीं। प्रिया रानी ने शिकायतों को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।

GNSU Admission Open 2026

कई मामलों में संबंधित विभागों के अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देकर ऑन-द-स्पॉट समाधान कराया गया। वहीं, जिन मामलों में जांच या विभागीय प्रक्रिया जरूरी थी, उनमें समय-सीमा तय कर जल्द कार्रवाई और अनुपालन रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया।

लापरवाही पर कार्रवाई की चेतावनी

एसडीओ प्रिया रानी ने अधिकारियों और कर्मियों को निर्देश दिया कि आम लोगों के आवेदनों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। जनता के कार्यों में लापरवाही या आनाकानी करने वाले कर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने ग्रामीणों को ग्रामीण विकास, आजीविका संवर्धन और 125 दिन के रोजगार की गारंटी समेत विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी दी और पात्र लोगों से योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।

शिविर में स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ प्रखंड स्तरीय अधिकारी, पंचायत सचिव, राजस्व कर्मचारी और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। मौके पर समस्याओं के समाधान से ग्रामीणों ने राहत जताते हुए प्रशासन की पहल की सराहना की।