Pratapgarh CSC accused of making fake Aadhaar cards, operator and brother detained

प्रतापगढ़: उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ जिले के महेशगंज थाना क्षेत्र स्थित हीरागंज बाजार में संचालित एक जनसेवा केंद्र (सीएससी) पर फर्जी आधार कार्ड बनाने के आरोप में प्रयागराज पुलिस ने छापेमारी कर केंद्र संचालक और उसके भाई को हिरासत में लिया है। पुलिस दोनों को पूछताछ के लिए प्रयागराज ले गई है।


पुलिस सूत्रों ने शुक्रवार को बताया कि हीरागंज बाजार निवासी लवकुश यादव अपने घर के सामने जनसेवा केंद्र का संचालन करता था। वह बिहार ब्लॉक के देवरपट्टी स्थित ग्रामीण बैंक में आधार कार्ड बनाने का कार्य भी करता था। आरोप है कि आधार कार्ड में संशोधन के नाम पर लोगों से दो से ढाई हजार रुपये तक वसूले जाते थे तथा फर्जी आधार कार्ड भी तैयार किए जाते थे।

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


सूत्रों के अनुसार शिकायत मिलने पर प्रयागराज पुलिस सादे कपड़ों में जनसेवा केंद्र पहुंची। पुलिसकर्मी ग्राहक बनकर केंद्र के भीतर गए और सत्यापन के बाद संचालक लवकुश यादव तथा उसके भाई लवलेश यादव को हिरासत में ले लिया। छापेमारी के दौरान पुलिस ने जनसेवा केंद्र से कंप्यूटर, प्रिंटर तथा अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण भी कब्जे में ले लिए। दोनों आरोपियों को आगे की पूछताछ के लिए प्रयागराज ले जाया गया है।


पुलिस के अनुसार मामले की जांच पुलिस मुख्यालय, लखनऊ के स्तर से कराई जा रही है। पश्चिमी प्रयागराज के अपर पुलिस अधीक्षक भुवनंद राय ने बताया कि प्रकरण की जांच जारी है और जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।