
समस्तीपुर: लोकजनशक्ति पार्टी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी ने रविवार को कहा कि समस्तीपुर जिले के विभिन्न क्षेत्रों में 21 से 25 जुलाई तक निःशुल्क कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया जाएगा। समस्तीपुर की सांसद श्रीमती चौधरी ने आज यहां बताया कि शिविर का उद्देश्य लोगों को कैंसर के प्रति जागरूक करना एवं समय पर जांच की सुविधा उपलब्ध कराकर इस बीमारी से बचाव करना है।
श्रीमती चौधरी ने बताया कि महावीर कैंसर संस्थान, पटना और रोटरी इंटरनेशनल के प्रयास से संचालित यह “मोबाइल कैंसर स्क्रीनिंग” वैन राज्य के विभिन्न क्षेत्रों में जाकर लोगों की निःशुल्क जांच के साथ उन्हें जागरूक भी बनाने का प्रयास करेगा।
सांसद ने बताया कि महावीर मंदिर न्यास समिति के सचिव सायन कुणाल 21 जुलाई को समस्तीपुर के अतिथि गृह में “मोबाइल कैंसर वैन सह कैंसर स्क्रीनिंग शिविर का शुभारंभ करेंगे।
श्रीमती चौधरी ने कहा कि इस अभियान के दौरान 21 से 25 जुलाई तक समस्तीपुर, ताजपुर,पूसा, कल्याणपुर, वारिसनगर,खानपुर और शिवाजीनगर में निःशुल्क कैंसर जांच एवं जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे।
सांसद शांभवी ने कहा कि कैंसर की शहरी और ग्रामीण इलाकों में पहले के मुकाबले बढ़ रही है और इसे रोकने के लिए आवश्यक है कि लोगों में इससे बचाव के लिए जागरूकता पैदा की जाए तथा समय से पहचान कर उसके प्रभावी उपचार की व्यवस्था हो।






