New demand for MLA colony in Chhattisgarh, Congress MLA appeals to the government

रायपुर: छत्तीसगढ़ के बिंद्रानवागढ़ से कांग्रेस विधायक जनक राम ध्रुव ने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर रायपुर के नकटी गांव में प्रस्तावित विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटन पर पुनर्विचार करने की मांग की है। श्री ध्रुव ने बुधवार को इसकी जानकारी साझा करते हुए कहा कि उन्होंने नकटी के स्थान पर नया रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त एवं केंद्रीय स्थान पर विधायक कॉलोनी विकसित करने का सुझाव दिया है।


बिंद्रानवागढ़ विधायक जनक राम ध्रुव ने मुख्यमंत्री को भेजे पत्र में कहा है कि नकटी ग्राम पंचायत में विधायक कॉलोनी निर्माण के प्रस्ताव का स्थानीय ग्रामीण लगातार विरोध कर रहे हैं। इसके बावजूद प्रशासन द्वारा ग्रामीणों से जमीन खाली कराई जा रही है, जिससे लोगों में नाराजगी और पीड़ा है। उन्होंने पत्र में कहा कि जनहित, प्रशासनिक सुविधा तथा विधायकों की आवासीय आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सरकार को नकटी के बजाय नया रायपुर में किसी अन्य उपयुक्त स्थान पर विधायक कॉलोनी के लिए भूमि आवंटित करना चाहिये। उनका कहना है कि “सैकड़ों ग्रामीणों को उजाड़कर विधायक कॉलोनी बनाना उचित नहीं होगा।”

GNSU Admission Open 2026

KATHA CONCERT KOLKATA


उल्लेखनीय है कि रायपुर के नकटी गांव में सोमवार तड़के करीब चार बजे प्रशासन ने बिजली आपूर्ति बंद कर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की थी। इस दौरान करीब 80 मकानों को ध्वस्त किया गया। कार्रवाई के बाद कई परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर हो गये, जिनमें महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग भी शामिल हैं।
इस बीच, सोमवार देर रात पूर्व विधायक विकास उपाध्याय प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचे थे। उन्होंने दावा किया था कि पुनर्वास के नाम पर 12-14 सदस्यों वाले परिवारों को केवल एक कमरा दिया जा रहा है, जहां बिजली, पेयजल और शौचालय जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं।


ग्रामीणों ने बुलडोजर कार्रवाई से दो दिन पहले रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल से भी मुलाकात की थी। ग्रामीणों के अनुसार सांसद ने उन्हें आश्वस्त किया था कि बारिश के दौरान कोई तोड़फोड़ नहीं होगी तथा प्रशासन और ग्रामीणों के बीच समाधान निकालने का प्रयास किया जायेगा।


बुलडोजर कार्रवाई के अगले दिन मंगलवार को पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने भी नकटी गांव पहुंचकर प्रभावित परिवारों से मुलाकात की और कहा कि कांग्रेस पार्टी उनके न्याय और अधिकारों की लड़ाई में उनके साथ खड़ी रहेगी। श्री ध्रुव ने अपने पत्र की प्रतिलिपि कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज, नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत तथा पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल को भी प्रेषित की है।