लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मिशन रोजगार के तहत 1,375 नवनियुक्त ग्राम पंचायत अधिकारियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए। लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने 11 चयनित अभ्यर्थियों को मंच से नियुक्ति पत्र सौंपे। कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं को सरकारी रोजगार देने के सरकार के प्रयासों का उल्लेख करते हुए कहा कि अगले छह महीने में एक लाख युवाओं को सरकारी नौकरी देने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि नियुक्ति पत्र मिलने का अवसर केवल चयनित अभ्यर्थियों के लिए ही नहीं, बल्कि उनके पूरे परिवार के लिए खुशी का विषय होता है। उन्होंने नवनियुक्त अधिकारियों से अपनी ऊर्जा और प्रतिभा का इस्तेमाल गांवों के विकास में करने का आह्वान किया।
योगी ने कहा कि 2017 से पहले प्रदेश में कई युवाओं को योग्यता के बावजूद नौकरी के लिए सिफारिश और पहुंच पर निर्भर रहना पड़ता था। उन्होंने दावा किया कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल में करीब साढ़े नौ लाख युवाओं को सरकारी नियुक्तियां दी गई हैं और भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर दिया जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने युवाओं, पिछड़ों और दलितों के अधिकारों की अनदेखी की, वे अब नए नारों के साथ अपनी छवि बदलने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने लोगों को ऐसे राजनीतिक दावों से सावधान रहने की बात कही।
कानून-व्यवस्था का उल्लेख करते हुए योगी ने कहा कि प्रदेश में माफिया और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था और गरीबों की जमीन पर कब्जा करने तथा व्यापारियों से जबरन वसूली करने वालों के खिलाफ कार्रवाई को सरकार की प्राथमिकता बताया।
मुख्यमंत्री ने ग्राम पंचायत अधिकारियों को गांवों के विकास की महत्वपूर्ण कड़ी बताया। उन्होंने ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने, ग्राम सचिवालयों के जरिए स्थानीय स्तर पर सरकारी सेवाएं उपलब्ध कराने और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर तैयार करने पर जोर दिया।
उन्होंने स्वच्छ भारत अभियान और हर घर नल योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि स्वच्छता और शुद्ध पेयजल की व्यवस्था ग्रामीण विकास के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने गांवों में युवाओं को प्लंबर जैसे कौशल का प्रशिक्षण देने की जरूरत बताई, ताकि स्थानीय स्तर पर रोजगार के साथ छोटी समस्याओं का समाधान भी हो सके।
योगी ने कहा कि गांवों को विकसित और आत्मनिर्भर बनाए बिना विकसित उत्तर प्रदेश का लक्ष्य पूरा नहीं किया जा सकता।







