
कोडरमा। झारखंड के कोडरमा जिले के सतगावां थाना क्षेत्र के नंदूडीह गाँव में देर रात वज्रपात की चपेट में आकर माँ-बेटे समेत तीन लोगों की मौत हो गई। देर रात क्षेत्र में मूसलाधार बारिश के साथ गर्जन शुरू हुई। आसमानी बिजली से बचने के लिए लोग अपने घरों में दुबके हुए थे। नंदूडीह निवासी प्रदीप यादव की पत्नी सरस्वती देवी (37 वर्ष), उनका दिव्यांग पुत्र अंकित कुमार (15 वर्ष) और बुआ मुंद्रिका देवी (45 वर्ष) कमरे में खिड़की के पास बैठे थे।
इसी दौरान जोरदार कड़क के साथ बिजली घर की लोहे की खिड़की पर गिरी। धातु के संपर्क में आने के कारण विद्युत तरंगें तेजी से अंदर फैली और तीनों उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद जब ग्रामीण मौके पर पहुंचे, तो कमरे का मंजर देख सभी के होश उड़ गए। ग्रामीणों ने बताया तीनों लोग खपरैल वाले कमरे में सोए हुए थे। इसी दौरान खिड़की के रास्ते वज्रपात हुआ और तीनों जलकर राख हो गए।
मृतकों में एक माँ-बेटा और शादी में शामिल होने आई मुंद्रिका देवी पति मथुरा प्रसाद यादव शामिल हैं। मुंद्रिका देवी गावां थाना क्षेत्र के धरवे गाँव की रहने वाली थीं। घटना के बाद पड़ोस के घर में शादी का माहौल मातम में बदल गया।परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुँची। वहीं पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर आज पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। गाँव में घटना के बाद शोक की लहर है। प्रशासन से मृतक परिजनों को मुआवजा देने की मांग की है।






