जाकिर खान ने साझा किए दिल्ली आने के अनुभव
Zakir Khan shared his experiences of coming to Delhi.

मुंबई। कॉमेडियन और अभिनेता जाकिर खान ने नेहा धूपिया और अंगद बेदी के शो ‘डबल डेट’ में अपने जीवन और करियर से जुड़े कई अनुभव साझा किए। बातचीत के दौरान उन्होंने इंदौर से दिल्ली आने और राजधानी में अपनी पहचान बनाने के शुरुआती दौर के अनुभवों के बारे में खुलकर बात की।

जाकिर खान ने बताया कि इंदौर से दिल्ली आने के बाद उन्हें एक बड़ा सांस्कृतिक बदलाव महसूस हुआ। उनके मुताबिक, दिल्ली में लोगों के बीच किसी व्यक्ति के रंग-रूप और पहनावे को लेकर भी धारणा बनती थी। उन्होंने कहा कि जब तक उन्होंने खुद को स्थापित नहीं किया, तब तक कई मौकों पर उन्हें गंभीरता से नहीं लिया गया।

GNSU Admission Open 2026

कॉमेडियन ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि दिल्ली में बातचीत के अंदाज से कई बार सामने वाले व्यक्ति को छोटा महसूस कराया जाता था। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस तरह का अनुभव उन्हें इंदौर में नहीं हुआ था। उनके अनुसार, नए शहर में खुद को स्थापित करना उनके लिए एक अलग तरह का अनुभव रहा और इस दौरान उन्होंने लोगों के व्यवहार तथा सामाजिक माहौल को करीब से समझा।

बातचीत के दौरान जाकिर ने संगीत और क्रिकेट के प्रति अपने लगाव का भी जिक्र किया। उन्होंने बताया कि वह इन दोनों चीजों को लेकर काफी जुनूनी हैं, लेकिन इनके बारे में ज्यादा बातचीत करने से बचते हैं। उन्होंने इसका श्रेय अपने दादाजी की सीख को दिया। जाकिर के मुताबिक, उनके दादाजी ने उन्हें सिखाया था कि यदि किसी चीज को लेकर बहुत ज्यादा जुनून हो तो उसके बारे में हर किसी से बात नहीं करनी चाहिए, क्योंकि जरूरी नहीं कि सामने वाला भी उसी चीज में उतनी ही दिलचस्पी रखता हो।

शो के दौरान नेहा धूपिया ने मजाकिया अंदाज में जाकिर से पूछा कि क्या वह दिल्ली की लड़कियों को लेकर भी जुनूनी नहीं हैं। इस पर जाकिर ने संक्षिप्त जवाब देते हुए कहा, “नहीं।”

‘डबल डेट’ के इस एपिसोड में पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान भी शामिल हुए। शो के दौरान जाकिर और इरफान ने अपने जीवन, करियर और व्यक्तिगत अनुभवों से जुड़े कई पहलुओं पर बातचीत की। एपिसोड को दर्शकों के लिए नेहा धूपिया के यूट्यूब चैनल पर स्ट्रीम किया जा रहा है।