पीएम मोदी आज करेंगे उद्घाटन
नई दिल्ली। पीएम मोदी आज उत्तर प्रदेश के जेवर में सबसे महत्वाकांक्षी इंफ्रास्ट्रक्चर परियोजनाओं में शामिल नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन करेंगे। इस ऐतिहासिक मौके के साथ ही उत्तर प्रदेश देश का पहला ऐसा राज्य बन जाएगा, जहां पांच अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे संचालित होंगे, जिससे प्रदेश की कनेक्टिविटी और निवेश संभावनाओं को बड़ा बल मिलेगा।
दिल्ली-एनसीआर के लिए यह एयरपोर्ट एक नए अंतरराष्ट्रीय गेटवे के रूप में विकसित किया गया है। इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बाद यह क्षेत्र का दूसरा बड़ा एयरपोर्ट होगा, जो दोनों मिलकर एक इंटीग्रेटेड एविएशन सिस्टम के रूप में कार्य करेंगे। इससे बढ़ते हवाई यातायात का दबाव कम होगा और एनसीआर को वैश्विक एविएशन हब के रूप में स्थापित करने में मदद मिलेगी।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री सुबह करीब 11:30 बजे जेवर पहुंचेंगे और नवनिर्मित टर्मिनल भवन का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद दोपहर 12 बजे एयरपोर्ट के फेज-1 का औपचारिक उद्घाटन करेंगे और एक जनसभा को संबोधित करेंगे।
करीब 11,200 करोड़ रुपये की लागत से विकसित इस परियोजना को पब्लिक-प्राइवेट पार्टनरशिप (PPP) मॉडल पर तैयार किया गया है, जबकि पूरे प्रोजेक्ट की अनुमानित लागत 29,560 करोड़ रुपये है। पहले चरण में एयरपोर्ट की सालाना क्षमता 1.2 करोड़ यात्रियों की होगी, जिसे भविष्य में बढ़ाकर 7 करोड़ तक किया जाएगा।
एयरपोर्ट में 3,900 मीटर लंबा रनवे बनाया गया है, जो बड़े विमानों के संचालन में सक्षम है। साथ ही अत्याधुनिक नेविगेशन सिस्टम और एडवांस्ड लाइटिंग तकनीक से लैस यह एयरपोर्ट हर मौसम में 24 घंटे संचालन सुनिश्चित करेगा।
यात्रियों के साथ-साथ कार्गो सेवाओं पर भी विशेष ध्यान दिया गया है। यहां मल्टी-मोडल कार्गो हब विकसित किया गया है, जिसकी शुरुआती क्षमता 2.5 लाख मीट्रिक टन होगी, जिसे भविष्य में 18 लाख मीट्रिक टन तक बढ़ाया जाएगा।
पर्यावरण के प्रति सजग इस एयरपोर्ट को नेट-जीरो उत्सर्जन के लक्ष्य के साथ डिजाइन किया गया है। इसके वास्तुशिल्प में भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलक भी देखने को मिलती है, जो आधुनिकता और परंपरा का अनूठा संगम प्रस्तुत करती है।







