मुंबई: कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट और वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों के बीच सोमवार को घरेलू शेयर बाजार में जोरदार तेजी देखने को मिली। शुरुआती कारोबार में बीएसई का सेंसेक्स 1,000 अंक से अधिक उछल गया, जबकि एनएसई का निफ्टी भी हरे निशान में कारोबार करता नजर आया।
कारोबार की शुरुआत में सेंसेक्स पिछले कारोबारी सत्र के मुकाबले 719 अंक की बढ़त के साथ खुला। इसके बाद खरीदारी बढ़ने से यह कुछ ही देर में 1,030 अंक उछलकर 75,489 अंक पर पहुंच गया। खबर लिखे जाने तक सेंसेक्स 943.38 अंक यानी 1.27 प्रतिशत की तेजी के साथ 75,402.91 अंक पर कारोबार कर रहा था।
नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 भी मजबूती के साथ खुला। यह 169 अंक की बढ़त लेकर 23,222.30 अंक पर खुला और बाद में 251.70 अंक यानी 1.09 प्रतिशत चढ़कर 23,304.80 अंक पर पहुंच गया।
बाजार में तेजी की प्रमुख वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी रही। ब्रेंट क्रूड वायदा तीन प्रतिशत से अधिक टूटकर 110 डॉलर प्रति बैरल के नीचे आ गया। इसके अलावा एशियाई बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों ने भी निवेशकों का भरोसा बढ़ाया। इसके चलते घरेलू बाजार में चौतरफा खरीदारी देखने को मिली।
सेक्टोरल आधार पर तेल एवं गैस क्षेत्र के शेयरों में सबसे अधिक तेजी रही। इस सेक्टर का सूचकांक करीब 3.5 प्रतिशत ऊपर कारोबार कर रहा था। इसके अलावा टिकाऊ उपभोक्ता उत्पाद, धातु और ऑटो सेक्टर के शेयरों में भी अच्छी खरीदारी दर्ज की गई।
सेंसेक्स की प्रमुख कंपनियों में रिलायंस इंडस्ट्रीज का शेयर छह प्रतिशत से अधिक चढ़ गया। टाटा स्टील में चार प्रतिशत की तेजी रही। वहीं, एनटीपीसी और मारुति सुजुकी के शेयरों में करीब 2.75 प्रतिशत की बढ़त दर्ज की गई। एशियन पेंट्स और एलएंडटी के शेयर भी दो प्रतिशत से अधिक मजबूत रहे।
हालांकि, बाजार की तेजी के बावजूद सन फार्मा, अडानी पोर्ट्स और इंफोसिस के शेयरों में दबाव बना रहा।







