Home राजनीति राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की

राज ठाकरे ने देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की

26
0
Raj Thackeray met Devendra Fadnavis

मुंबई: महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना (मनसे) के अध्यक्ष राज ठाकरे बुधवार सुबह मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के आधिकारिक आवास ‘वर्षा’ पहुंचे। यह बैठक ऐसे समय में हुई है जब श्री ठाकरे सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पर लगातार जुबानी हमले बोल रहे हैं। इस मुलाकात से राज्य के राजनीतिक गलियारों में हलचल पैदा हो गई है और इसके राजनीतिक निहितार्थों को लेकर अटकलें लगने लगी हैं।


श्री ठाकरे सुबह करीब 8:20 बजे मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक के साथ मुख्यमंत्री आवास पहुंचे। उनके हालिया आक्रामक रुख के कारण इस मुलाकात के समय को लेकर राजनीतिक कयासबाजी जरूर हो रही है, लेकिन घटनाक्रम से जुड़े सूत्रों का कहना है कि यह बैठक दो दिन पहले से ही तय थी।

GNSU Admission Open 2026


शुरुआती जानकारियों के अनुसार, बातचीत का मुख्य केंद्र मुंबई के ऐतिहासिक दादर शिवाजी पार्क मैदान का पुनर्विकास, स्थानीय खेल सुविधाओं का आधुनिकीकरण और क्षेत्र के खिलाड़ियों की समस्याएं रहीं।


इसके अलावा, हाल ही में मुंबई-गोवा राजमार्ग की बदहाल स्थिति का जायजा लेने के बाद, उम्मीद है कि श्री ठाकरे ने ठप पड़ी बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को गति देने और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए भी दबाव बनाया होगा। महाराष्ट्र के मौजूदा बदलते राजनीतिक परिदृश्य के बीच इस मुलाकात का समय बेहद अहम माना जा रहा है।


हाल ही में स्थानीय निकाय चुनावों के दौरान राजनीतिक समीकरण बदले हैं, जहाँ श्री राज ठाकरे और श्री उद्धव ठाकरे ने अपने पुराने मतभेद भुलाकर मनसे और शिवसेना (यूबीटी) के बीच एक मजबूत गठबंधन बनाया है। ठाकरे भाइयों के एक साथ आने के बाद से ही श्री राज ठाकरे ने सत्तारूढ़ महायुति सरकार के खिलाफ अपना हमलावर रुख और तेज कर दिया है। वह प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी जैसे शीर्ष राष्ट्रीय नेताओं की तीखी आलोचना कर रहे हैं, साथ ही छात्रों के आंदोलनों का भी खुलकर समर्थन कर रहे हैं।