बाराबंकी: उत्तर प्रदेश में बाराबंकी के हैदरगढ़ क्षेत्र में रविवार देर शाम एक बुजुर्ग की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या कर दी गई। उनका शव गांव से करीब एक किमी दूर कच्चे रास्ते के पास पड़ा मिला। पुलिस के अनुसार हैदरगढ़ थाना अंतर्गत बेहटा गांव निवासी नारायण दुबे (65) दोपहर करीब 1:30 बजे मवेशी चराने के लिए घर से निकले थे। देर शाम को ग्रामीणों ने उनका शव गांव के बाहर कच्चे रास्ते के पास पड़ा देखा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और सूचना पर पुलिस पहुंची। शव के पास ही एक कुल्हाड़ी पड़ी मिली। नारायण के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे।
नारायण दुबे के पुत्र की करीब पांच वर्ष पहले मौत हो चुकी है। वह अपनी बहू नीलू और पौत्र गगन के साथ रहते थे। नीलू ने पुलिस को बताया कि सुबह खेत की जमीन के विवाद को लेकर भजन दुबे का पुत्र अमन दुबे उनके ससुर से झगड़ा कर उन्हें मारने के लिए दौड़ा था। परिजनों ने आशंका जताई कि इसी विवाद के बाद शाम को नारायण की हत्या की गई।
क्षेत्राधिकारी हैदरगढ़ पुलिस दल व फोरेंसिक टीम के साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।







