Market eyes fixed on GDP data, domestic and global signals will give direction to the stock market.

मुंबई: घरेलू शेयर बाजार में पिछले सप्ताह रही गिरावट के बाद आगामी कारोबारी सप्ताह में जीडीपी समेत कई प्रमुख आर्थिक आंकड़े बाजार की दिशा तय करने में अहम भूमिका निभा सकते हैं। निवेशकों की नजर घरेलू आर्थिक गतिविधियों से जुड़े आंकड़ों के साथ-साथ वैश्विक घटनाक्रम पर भी बनी रहेगी।

अगले सप्ताह सोमवार को देश की सकल घरेलू उत्पाद (GDP) के आंकड़े जारी किए जाएंगे। इसके बाद मंगलवार को विनिर्माण क्षेत्र के PMI और वाहन बिक्री के आंकड़े सामने आएंगे। वहीं, सेवा क्षेत्र के PMI आंकड़े 3 सितंबर को जारी होने हैं। इन आंकड़ों से अर्थव्यवस्था की स्थिति को लेकर निवेशकों की धारणा प्रभावित हो सकती है।

GNSU Admission Open 2026

बीते सप्ताह शेयर बाजार में उतार-चढ़ाव का दौर रहा। बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 276.32 अंक यानी 0.36 प्रतिशत गिरकर 77,264.51 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 76.35 अंक यानी 0.31 प्रतिशत टूटकर 24,175.65 अंक पर आ गया।

हालांकि, व्यापक बाजार में तेजी देखने को मिली। मिडकैप-50 में 0.47 प्रतिशत और स्मॉलकैप-100 में 0.51 प्रतिशत की साप्ताहिक बढ़त दर्ज की गई।

दूसरी ओर, कई प्रमुख शेयरों में गिरावट रही। पीसी का शेयर 2.51 प्रतिशत, महिंद्रा एंड महिंद्रा 2.48 प्रतिशत, रिलायंस इंडस्ट्रीज 2.25 प्रतिशत, पावरग्रिड 1.96 प्रतिशत और बजाज फिनसर्व 1.51 प्रतिशत कमजोर रहे।

वहीं, आईटी और कुछ अन्य प्रमुख कंपनियों के शेयरों में मजबूती दर्ज की गई। कोटक महिंद्रा बैंक 5.20 प्रतिशत, टेक महिंद्रा 3.34 प्रतिशत, इंफोसिस 2.11 प्रतिशत और टीसीएस 2 प्रतिशत चढ़े। टाटा स्टील, इंडिगो, टाइटन, एक्सिस बैंक और सन फार्मा के शेयरों में भी साप्ताहिक बढ़त रही।

आगामी सप्ताह में घरेलू आर्थिक आंकड़ों के अलावा वैश्विक बाजारों के रुझान और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम भी भारतीय शेयर बाजार की चाल को प्रभावित कर सकते हैं।