
नई दिल्ली : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को क्रिकेट के मैदान से जुड़ी हालिया उपलब्धियों पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह महीना देशभर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए जोश और उत्साह से भर देने वाला रहा है। भारत ने T20 वर्ल्ड कप में ऐतिहासिक जीत दर्ज की, जिससे पूरे देश में खुशी की लहर दौड़ गई। पिछले महीने कर्नाटक के हुबली में हुए रोमांचक मुकाबले में जम्मू-कश्मीर की क्रिकेट टीम ने रणजी ट्रॉफी अपने नाम की। प्रधानमंत्री ने बताया कि यह टीम करीब 7 दशकों के इंतजार के बाद अपना पहला रणजी खिताब जीतने में सफल रही। टीम के कप्तान पारस डोगरा ने अपने नेतृत्व और कौशल से इस जीत में अहम योगदान दिया। प्रधानमंत्री ने इस सफलता को खिलाड़ियों की वर्षों की मेहनत और निरंतर प्रयास का परिणाम बताया।इस रणजी सीजन में जम्मू-कश्मीर के गेंदबाज आकिब नबी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 60 विकेट लिए। इस जीत ने खिलाड़ियों, कोचिंग स्टाफ और पूरे राज्य के लोगों में गर्व और उत्साह बढ़ा दिया है। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि यह सफलता युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और जम्मू-कश्मीर को बड़े खेल आयोजनों का केंद्र बनाने में मदद करेगी। प्रधानमंत्री ने यह भी कहा कि जम्मू-कश्मीर के युवा खेलों के प्रति गहरा उत्साह रखते हैं। गुलमर्ग, खेलो इंडिया विंटर गेम्स के लिए पहले ही प्रसिद्ध हो चुका है।
साथ ही, यहां फुटबॉल और अन्य खेलों में भी युवाओं की भागीदारी बढ़ रही है। मोदी ने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में जम्मू-कश्मीर के खिलाड़ियों की जीत का यह सिलसिला लगातार जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हाल ही में कहा कि भारत दुनिया का सबसे युवा देश है। उन्होंने बताया कि जब देश के युवाओं की शक्ति राष्ट्र निर्माण में जुड़ती है, तो इससे देश को बहुत बड़ी मदद मिलती है। इस दिशा में MY Bharat संगठन युवा पीढ़ी को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। प्रधानमंत्री ने MY Bharat द्वारा आयोजित Budget Quest का उदाहरण देते हुए कहा कि इसका उद्देश्य युवाओं को बजट प्रक्रिया और नीति निर्माण से जोड़ना था। इस क्विज़ में देशभर से लगभग 12 लाख युवाओं ने भाग लिया। इसके बाद करीब 1,60,000 प्रतिभागियों को निबंध प्रतियोगिता के लिए चुना गया। पीएम मोदी ने इनमें से कुछ निबंध पढ़ने का भी अनुभव साझा किया।






